खूंटी में पुलिस-PLFI मुठभेड़: सब-इंस्पेक्टर की पिस्तौल छीनकर भाग रहा एरिया कमांडर श्रवण दास घायल, रिम्स रेफर

"गिरफ्तारी के बाद जंगल में हथियार बरामदगी के दौरान उग्रवादी ने किया भागने का प्रयास, जवाबी फायरिंग में लगी गोली।"

Johar News Times
3 Min Read

झारखंड के खूंटी जिले से इस वक्त एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जिले के कर्रा प्रखंड अंतर्गत जरियागढ़ थाना क्षेत्र के इंदवन जंगल में रविवार तड़के पुलिस और प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीएलएफआई के कुख्यात एरिया कमांडर श्रवण दास के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में एरिया कमांडर श्रवण दास गोली लगने से घायल हो गया है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रिम्स , रांची रेफर किया गया है।

हथियार बरामदगी के दौरान पुलिस पर ही तान दी पिस्तौल

खूंटी पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर शनिवार शाम को ही श्रवण दास को उसके कुछ सहयोगियों और हथियारों के साथ गिरफ्तार कर लिया गया था। कड़ी पूछताछ के दौरान उसने इंदवन जंगल में भारी मात्रा में उग्रवादी हथियार छिपाकर रखने की बात कबूल की।

इस जानकारी के बाद जब पुलिस टीम उसे साथ लेकर हथियारों की बरामदगी के लिए इंदवन जंगल पहुंची, तो उसकी निशानदेही पर दो और हथियार व कारतूस बरामद किए गए। इसी बीच, मौका पाकर श्रवण दास ने एक सब-इंस्पेक्टर की सर्विस पिस्तौल छीन ली और पुलिस टीम पर अंधाधुंध फायरिंग करते हुए भागने की कोशिश की। पुलिस ने भी तुरंत मोर्चा संभाला और जवाबी फायरिंग की, जिसमें उग्रवादी श्रवण दास घायल हो गया।

उग्रवादी की ‘सीक्रेट डायरी’ से मचेगा हड़कंप

एसपी ऋषभ गर्ग के मुताबिक, इस पूरे ऑपरेशन में अब तक कुल 4 छोटे हथियार, 29 कारतूस, पीएलएफआई के पर्चे और एक बेहद महत्वपूर्ण ‘सीक्रेट डायरी’ बरामद की गई है। इस डायरी में इलाके के कई बड़े ठेकेदारों के मोबाइल नंबर और संगठन के वित्तीय लेनदेन से जुड़ी अहम जानकारियां दर्ज हैं। पुलिस का मानना है कि इस डायरी के जरिए पीएलएफआई के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने में बड़ी मदद मिलेगी।

घायल एरिया कमांडर श्रवण दास लंबे समय से खूंटी पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था। उसके खिलाफ रेलवे निर्माण स्थलों पर रंगदारी के लिए गोलीबारी करने, आगजनी और लेवी वसूली समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।

फिलहाल, एहतियात के तौर पर इंदवन जंगल और आसपास के पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई है। फरार अन्य उग्रवादियों की धरपकड़ और छिपाकर रखे गए अन्य संभावित हथियारों को खोजने के लिए पुलिस का सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है।

Share This Article