Chaibasa News : बंद AC कार बनी मासूम की मौत का कारण, 5 वर्षीय बच्ची की दम घुटने से मौत

Chaibasa News : बंद AC कार बनी मासूम की मौत का कारण, 5 वर्षीय बच्ची की दम घुटने से मौत

Johar News Times
3 Min Read

पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा शहर में बुधवार को एक दर्दनाक हादसे में 5 वर्षीय बच्ची की जान चली गई। सदर थाना क्षेत्र के टुंगरी मोहल्ले में धूप से बचने के लिए एक खड़ी कार में घुसे दो बच्चों में से एक बच्ची कार के अंदर फंस गई और दम घुटने से उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

धूप से बचने के लिए कार में बैठे थे भाई-बहन
जानकारी के अनुसार, एसपीजी मिशन कंपाउंड निवासी आलोक गोप और उसकी पांच वर्षीय बहन इशानी गोप स्कूल जाने के लिए घर से निकले थे। तेज धूप के कारण दोनों बच्चे टुंगरी स्थित ग्रीन फ्लैट के सामने सड़क किनारे खड़ी एक कार में जाकर बैठ गए। बताया जाता है कि बच्चों ने बाहर से कार का दरवाजा खोल लिया, लेकिन अंदर से उसे खोलना उनके लिए मुश्किल हो गया।

भाई निकला बाहर, बहन कार में ही रह गई
कुछ समय बाद कार के भीतर ऑक्सीजन की कमी और गर्मी बढ़ने लगी। आलोक किसी तरह कार से बाहर निकल आया, लेकिन इशानी अंदर ही फंस गई और बेहोश हो गई। घर लौटने पर आलोक ने परिजनों को पूरी घटना बताई, जिसके बाद परिवार के लोग तत्काल मौके पर पहुंचे।

अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
परिजनों ने बच्ची को कार से निकालकर सदर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। जांच के बाद चिकित्सकों ने इशानी को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, बच्ची की मौत दम घुटने और ऑक्सीजन की कमी के कारण हुई।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस कार मालिक की पहचान करने और घटना की परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है। इस हृदयविदारक हादसे ने पूरे शहर को झकझोर दिया है। स्थानीय लोगों ने अभिभावकों से बच्चों पर विशेष नजर रखने और सड़क किनारे खड़े वाहनों को सुरक्षित तरीके से लॉक करने की अपील की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

Share This Article