जुगसलाई में विकास योजनाओं की सौगात: नगर परिषद अध्यक्ष नौशीन खान ने किया 30 लाख की योजनाओं का शिलान्यास, बदल जाएगी सड़कों और नालियों की सूरत

30 लाख से अधिक की लागत से चमकेगी जुगसलाई की सड़कें और नालियां, अध्यक्ष नौशीन खान ने किया शिलान्यास।

Johar News Times
3 Min Read

जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र के निवासियों को जल्द ही जलजमाव और जर्जर सड़कों की समस्या से मुक्ति मिलने वाली है। क्षेत्र की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से नगर परिषद अध्यक्ष नौशीन खान ने विभिन्न वार्डों में कई विकास योजनाओं का विधिवत शिलान्यास किया। कुल 30 लाख रुपये से अधिक की लागत वाली इन योजनाओं के तहत पीसीसी सड़क, पेवर्स ब्लॉक पथ, आरसीसी नाली और नाली के ऊपर आरसीसी स्लैब का निर्माण कराया जाएगा।

जुगसलाई नगर परिषद की ओर से अलग-अलग वार्डों के लिए स्वीकृत की गई योजनाओं और उनकी लागत की सूची इस प्रकार है:

  • वार्ड संख्या 19 और 20 (सफीगंज मोहल्ला): टिलु शर्मा के घर से बेश लाल शर्मा के घर तक पीसीसी सड़क का निर्माण होगा। इसके साथ ही पिंटू मिश्रा के घर के पास पेवर्स ब्लॉक पथ बनाया जाएगा। (लागत: 1,75,169 रुपये)
  • वार्ड संख्या 3 (श्रुति चौक): केनरा बैंक एटीएम से लेकर सलीम की पान दुकान तक आरसीसी नाली का निर्माण कराया जाएगा, जिससे इलाके को जलजमाव से राहत मिलेगी। (लागत: 9,65,425 रुपये)
  • वार्ड संख्या 1 (गरीब नवाज कॉलोनी): ज़हरा खातून के घर से चाँद के घर तक, सुभान पान दुकान से अमजद के घर तक और बाबू खान के घर से नज़र आलम के घर तक आरसीसी नाली बनाई जाएगी। इसके अलावा ईदगाह मैदान में शेरो के घर से ईदगाह मैदान तक नाली के ऊपर आरसीसी स्लैब डाला जाएगा। (लागत: 9,31,819 रुपये)
  • वार्ड संख्या 8 (हिल व्यू क्षेत्र): कल्लू भाई के घर से हिल व्यू रोड तक, सगीर के घर से निजाम के घर तक और एम.ई. स्कूल रोड में सेवा सदन से हिल व्यू चौक तक पीसीसी सड़क का निर्माण होगा। साथ ही सलाम के घर से भोलू के घर तक पेवर्स ब्लॉक पथ भी बनेगा। (लागत: 9,37,281 रुपये)

“जनता को समस्याओं से मुक्ति दिलाना ही हमारा संकल्प”

“शिलान्यास के मौके पर जुगसलाई नगर परिषद की अध्यक्ष नौशीन खान ने कहा कि इन विकास योजनाओं से न केवल सड़कों और ड्रेनेज सिस्टम में सुधार होगा, बल्कि नागरिकों का आवागमन भी सुगम होगा। उन्होंने कहा कि नगर परिषद अध्यक्ष पद की शपथ लेने के साथ ही मैंने खुद को जनता की सेवा में समर्पित कर दिया है। हमारा अंतिम लक्ष्य जुगसलाई को एक आदर्श नगर परिषद क्षेत्र के रूप में विकसित करना है।”

स्थानीय लोगों ने जताया आभार

शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान भारी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद थे। लोगों ने इन योजनाओं की शुरुआत का स्वागत करते हुए खुशी जाहिर की। निवासियों ने उम्मीद जताई कि नगर परिषद और संवेदक द्वारा इन सभी निर्माण कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर और गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाएगा, ताकि आम जनता को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके।

Share This Article