आनंद मार्ग यूनिवर्सल रिलीफ टीम ग्लोबल की पहल, 25 यूनिट रक्तदान और 50 पौधों का वितरण
जमशेदपुर: विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर आनंद मार्ग यूनिवर्सल रिलीफ टीम ग्लोबल की ओर से रात्रिकालीन रक्तदान शिविर एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जमशेदपुर ब्लड सेंटर परिसर में आयोजित हुआ, जिसमें समाजसेवा और रक्तदान के क्षेत्र में योगदान देने वाले 25 रक्तदाताओं को “रक्तवीर” सम्मान से सम्मानित किया गया।
चार घंटे चले इस रक्तदान शिविर में कुल 25 यूनिट रक्त संग्रह किया गया। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण के संदेश को आगे बढ़ाते हुए 50 पौधों का भी वितरण किया गया। कार्यक्रम के दौरान अब तक 200 से अधिक नियमित रक्तदाताओं को विभिन्न अवसरों पर सम्मानित किए जाने की जानकारी दी गई।
आयोजकों ने बताया कि यह सम्मान समारोह रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाने और समाज में स्वैच्छिक रक्तदान को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से नियमित रूप से आयोजित किया जाता है। वक्ताओं ने कहा कि रक्तदान एक ऐसा कार्य है जिससे एक व्यक्ति कई लोगों की जान बचा सकता है, इसलिए ऐसे लोगों को “रक्तवीर” की संज्ञा दी जाती है।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने रक्तदाताओं की भूमिका को मानवता की सेवा से जोड़ते हुए कहा कि वे अस्पतालों में भर्ती मरीजों के जीवन रक्षक बनते हैं। इस अवसर पर सम्मानित रक्तदाताओं को अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह और पौधे भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में टाटा वर्कर्स यूनियन कमेटी मेंबर ज्ञान रंजन श्रीवास्तव, राकेश कुमार, ब्लड सेंटर के प्रतिनिधि तथा आनंद मार्ग के कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने रक्तदान को नियमित रूप से करने और समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
