हाथी-मानव संघर्ष पर राज्य सरकार पर बरसे सांसद संजय सेठ, विकास योजनाओं पर भी की चर्चा

हाथी-मानव संघर्ष पर राज्य सरकार पर बरसे सांसद संजय सेठ, विकास योजनाओं पर भी की चर्चा

Johar News Times
3 Min Read

पीतकी ओवरब्रिज का जुलाई अंत तक उद्घाटन, रामपुर-महुलिया सड़क के लिए 275 करोड़ रुपये स्वीकृत,

सरायकेला/चांडिल: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह और चांडिल प्रखंड में विशेष बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम नीमडीह के आदारडीह स्थित सामुदायिक भवन तथा चांडिल के बाबूर बगान में संपन्न हुआ, जहां केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री एवं रांची सांसद संजय सेठ ने कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद किया।

बैठक में सांसद संजय सेठ ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों, क्षेत्रीय विकास योजनाओं और राज्य से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं।

पीतकी रेलवे ओवरब्रिज को लेकर उन्होंने कहा कि वर्षों से लंबित यह परियोजना अब अंतिम चरण में है और जुलाई माह के अंत तक इसका उद्घाटन कर दिया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि ओवरब्रिज शुरू होने के बाद लोगों को फाटक पर लगने वाले जाम से स्थायी राहत मिलेगी। इसके अलावा उन्होंने बताया कि रामपुर-महुलिया सड़क के सुदृढ़ीकरण के लिए 275 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिल चुकी है और 18 जून को परियोजना का भूमिपूजन प्रस्तावित है।

हाथी-मानव संघर्ष के मुद्दे पर सांसद ने राज्य सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस समस्या के समाधान के लिए दीर्घकालिक योजना बनाने की आवश्यकता है। उन्होंने सुझाव दिया कि हाथियों के पारंपरिक आवागमन मार्गों के आसपास मधुमक्खी पालन को बढ़ावा देकर नुकसान को कम किया जा सकता है। उनका दावा था कि इस तरह के प्रयोग अन्य देशों में सफल रहे हैं।

संजय सेठ ने राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों को लेकर भी आलोचना की। उन्होंने कहा कि कई कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर लोगों तक नहीं पहुंच रहा है, जबकि सड़क, बिजली और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं के विकास पर भी अपेक्षित गति से काम नहीं हो रहा है।

कार्यक्रम में भाजपा के स्थानीय पदाधिकारी, कार्यकर्ता और क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Share This Article