झामुमो जिला समिति की बैठक सम्पन्न, हूल दिवस को भव्य बनाने की तैयारियों पर जोर

झामुमो जिला समिति की बैठक सम्पन्न, हूल दिवस को भव्य बनाने की तैयारियों पर जोर

Johar News Times
2 Min Read

पाकुड़: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) जिला समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को जिला अध्यक्ष अजीजुल ईस्लाम की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी 30 जून को आयोजित होने वाले हूल दिवस कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा करना और इसे भव्य एवं सफल बनाने के लिए रणनीति तय करना रहा।

बैठक में निर्णय लिया गया कि इस वर्ष भी हूल दिवस जिला मुख्यालय में पूर्व वर्षों की तरह पूरे उत्साह और सम्मान के साथ मनाया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान अमर शहीद सिदो-कान्हू, चांद और भैरव सहित अन्य वीर शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।

जिला अध्यक्ष अजीजुल ईस्लाम ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि हूल दिवस केवल एक कार्यक्रम नहीं बल्कि झारखंड के आदिवासी वीरों के बलिदान को याद करने का ऐतिहासिक अवसर है। उन्होंने सभी प्रखंड अध्यक्षों और सचिवों को अपने-अपने क्षेत्रों से अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि संगठन की एकजुटता और मेहनत से ही ऐसे कार्यक्रम सफल होते हैं।

बैठक में यह भी तय किया गया कि झामुमो कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर लोगों को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रेरित करेंगे। जिला उपाध्यक्ष हाजी समद अली ने कहा कि हूल दिवस को हमेशा की तरह इस बार भी भव्य रूप दिया जाएगा और समय पर अधिक से अधिक कार्यकर्ता जिला मुख्यालय पहुंचेंगे।

बैठक में संगठन को मजबूत करने और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को ग्रामीण स्तर तक पहुंचाने पर भी चर्चा हुई। नेताओं ने कहा कि पार्टी का उद्देश्य केवल राजनीतिक गतिविधियां नहीं, बल्कि जनता तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना भी है।

बैठक में जिला एवं प्रखंड स्तर के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिनमें विभिन्न प्रखंडों के अध्यक्ष, सचिव और अन्य वरिष्ठ नेता शामिल थे। अंत में हूल दिवस को ऐतिहासिक और सफल बनाने के संकल्प के साथ बैठक सम्पन्न हुई।

Share This Article