ममता बनर्जी को चौथा झटका: अभिनेत्री-सांसद कोयल मल्लिक ने दिया इस्तीफा, टीएमसी में बढ़ा संकट

लगातार इस्तीफों से राज्यसभा में टीएमसी की ताकत घटी, सायोनी घोष के रुख पर सस्पेंस बरकरार

Johar News Times
2 Min Read

कोलकाता: बंगाल विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद तृणमूल कांग्रेस के भीतर राजनीतिक संकट गहराता जा रहा है। पार्टी में शुरू हुई अंदरूनी उठापटक अब राज्यसभा तक पहुंच गई है। गुरुवार को राज्यसभा सांसद और अभिनेत्री कोयल मल्लिक ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया, जिससे पार्टी को लगातार चौथा बड़ा झटका लगा है।

इससे पहले राज्यसभा सांसद प्रकाश चिक बड़ाईक के इस्तीफे की खबर सामने आई थी, जबकि उससे पहले सुखेंदु शेखर राय और सुष्मिता देव भी उच्च सदन की सदस्यता छोड़ चुके हैं। लगातार इस्तीफों के चलते राज्यसभा में टीएमसी की संख्या 13 से घटकर 9 रह गई है, जिससे पार्टी की राजनीतिक स्थिति कमजोर मानी जा रही है।

सूत्रों के अनुसार, फरवरी में पार्टी द्वारा राज्यसभा उम्मीदवार बनाए जाने के बाद अप्रैल में शपथ लेने वाली कोयल मल्लिक ने अब पार्टी से दूरी बना ली है। उनके इस्तीफे से टीएमसी के भीतर नंबर गेम और रणनीतिक संतुलन पर असर पड़ा है।

वहीं, लोकसभा में भी पार्टी के भीतर असंतोष की चर्चाएं तेज हैं। हालांकि इस बीच अभिनेता-सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने ममता बनर्जी के प्रति अपनी निष्ठा दोहराते हुए कहा है कि वे किसी भी परिस्थिति में पार्टी नहीं छोड़ेंगे और नेतृत्व के साथ खड़े रहेंगे।

इधर, सांसद सायोनी घोष को लेकर भी सस्पेंस बना हुआ है। पार्टी के भीतर उनकी भूमिका और रुख को लेकर अटकलें तेज हैं। सूत्रों के मुताबिक हाल ही में दिल्ली में एक बैठक के दौरान कुछ सांसदों की मौजूदगी में राजनीतिक रणनीति पर चर्चा हुई, जिसके बाद सायोनी घोष के रुख पर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि उन्होंने अब तक इस पर कोई स्पष्ट बयान नहीं दिया है और मीडिया सवालों से बचती नजर आईं।

टीएमसी में लगातार हो रहे इन घटनाक्रमों को पार्टी के लिए बड़ा राजनीतिक संकट माना जा रहा है, जिसका असर आने वाले दिनों में संगठनात्मक ढांचे पर भी पड़ सकता है।

Share This Article