नई दिल्ली: पश्चिम विहार स्थित पंजाबी गायक और अभिनेता गुरु रंधावा से जुड़े ‘24 आवर्स फिटनेस’ जिम के बाहर गुरुवार तड़के बाइक सवार दो बदमाशों ने कई राउंड फायरिंग कर दी। हमलावर जिम के शीशों को निशाना बनाकर फरार हो गए। घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। वारदात के बाद सोशल मीडिया पर वायरल एक कथित पोस्ट और ऑडियो क्लिप में लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। ऑडियो में कथित तौर पर कहा गया है कि गुरु रंधावा की सलमान खान से करीबी के कारण उन्हें निशाना बनाया गया है और यह केवल “ट्रेलर” है। हालांकि पुलिस ने इन दावों की पुष्टि नहीं की है।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, पीसीआर कॉल मिलने के बाद टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं, जबकि सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी सर्विलांस, वायरल ऑडियो और सोशल मीडिया पोस्ट की फॉरेंसिक जांच की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं दहशत फैलाने के लिए किसी ने लॉरेंस गैंग का नाम तो इस्तेमाल नहीं किया। घटना के बाद पश्चिम विहार और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
