रामगढ़ में अंडरपास निर्माण की मांग को मिली रफ्तार, सांसद मनीष जायसवाल ने रेल प्रशासन को लिखा पत्र

रामगढ़ में अंडरपास निर्माण की मांग को मिली रफ्तार, सांसद मनीष जायसवाल ने रेल प्रशासन को लिखा पत्र

Johar News Times
2 Min Read

रामगढ़: शहर के विद्यानगर, पतरातु बस्ती, दीपनगर और ब्लॉक एरिया के लोगों की वर्षों पुरानी मांग अब पूरी होने की उम्मीद जगी है। मूरी-बरकाकाना रेल लाइन पर अंडरपास निर्माण को लेकर सांसद मनीष जायसवाल ने रेल प्रशासन को पत्र लिखकर जल्द पहल करने का आग्रह किया है। यह रेलवे लाइन घनी आबादी वाले क्षेत्र के बीच से गुजरती है। ऐसे में एक ओर से दूसरी ओर जाने के लिए लोगों को रेलवे ट्रैक पार करना पड़ता है। वहीं वाहन चालकों को रामगढ़ ओवरब्रिज के रास्ते लगभग डेढ़ किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है, जिससे समय और ईंधन दोनों की बर्बादी होती है।

विद्यानगर विकास समिति के बैनर तले स्थानीय लोग लंबे समय से अंडरपास निर्माण की मांग उठा रहे थे। हाल ही में समिति के प्रतिनिधियों ने सांसद मनीष जायसवाल से मुलाकात कर समस्या से अवगत कराया था। इसके बाद सांसद ने क्षेत्र का निरीक्षण किया और मांग को जायज मानते हुए मंडल रेल प्रबंधक, रांची को पत्र भेजकर अंडरपास निर्माण का अनुरोध किया। सांसद की पहल की जानकारी मिलते ही क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है। स्थानीय निवासियों का मानना है कि अंडरपास बनने से हजारों लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी तथा रेलवे लाइन पार करने के दौरान होने वाले हादसों की आशंका भी कम होगी।

विद्यानगर विकास समिति के अध्यक्ष संतोष प्रसाद और सचिव ओपी शर्मा ने सांसद की सक्रियता की सराहना करते हुए कहा कि यह क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित मांग है। उन्होंने उम्मीद जताई कि रेल प्रशासन जल्द सकारात्मक निर्णय लेकर निर्माण कार्य शुरू करेगा। इस मौके पर सांसद प्रतिनिधि राजीव जायसवाल, धनंजय कुमार पुटूस, अनमोल सिंह, आर. प्रसाद, सरयू प्रसाद समेत कई स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Share This Article