कोवाली: पूर्वी सिंहभूम के कोवाली थाना क्षेत्र के हँसड़ा गांव निवासी करण बेरा ने थाना प्रभारी मुकेश कुमार साव पर अपने पिता श्यामा प्रसाद बेरा के साथ मारपीट, झूठे गांजा मामले में फंसाने की धमकी देने और रुपये मांगने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर उन्होंने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को ऑनलाइन शिकायत भेजकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, 6 जून 2026 की रात करीब 12 बजे थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ उनके घर पहुंचे और श्यामा प्रसाद बेरा को थाना चलने के लिए कहा। कारण पूछने पर कथित रूप से उनके साथ घर पर ही डंडे से मारपीट की गई और फिर उन्हें जबरन पुलिस वाहन में बैठाकर थाना ले जाया गया। परिजनों का आरोप है कि मारपीट में श्यामा प्रसाद बेरा के दोनों पैरों में गंभीर चोटें आईं। पैरों की चमड़ी फट गई, टांके लगाने पड़े और शरीर में सूजन आ गई। श्यामा प्रसाद बेरा पहले से मधुमेह, उच्च रक्तचाप और सांस संबंधी बीमारी से पीड़ित हैं।
स्वास्थ्य बिगड़ने पर उन्हें पोटका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है। करण बेरा ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। वहीं, घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है और लोगों की नजर अब प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी है।
