शनिवार सुबह घाटशिला अनुमंडल क्षेत्र से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। मुसाबनी के जाने-माने और वरिष्ठ पत्रकार मृत्युंजय सिंह (46 वर्ष) का करंट लगने से दर्दनाक निधन हो गया। यह हृदयविदारक घटना सुबह करीब साढ़े 8 बजे की है। उनके अचानक चले जाने से पूरे जिले के पत्रकारिता जगत, राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार तड़के मृत्युंजय सिंह अपनी पत्नी को पुरुषोत्तम एक्सप्रेस ट्रेन में बैठाने के लिए घाटशिला रेलवे स्टेशन गए थे। पत्नी को सकुशल विदा करने के बाद वे मुसाबनी स्थित अपने आवास पर लौटे। घर पहुंचकर उन्होंने स्नान-ध्यान किया। इसके बाद जैसे ही वे घर से बाहर निकले, तभी अचानक वे वहां फैले बिजली के करंट की चपेट में आ गए। करंट का झटका इतना जोरदार था कि मौके पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
अस्पताल ले जाते ही डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
हादसे की खबर आग की तरह फैली और देखते ही देखते बड़ी संख्या में स्थानीय पत्रकार, जनप्रतिनिधि, पड़ोसी और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता उनके मुसाबनी आवास पर पहुंच गए। आनन-फानन में उन्हें घाटशिला अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अफसोस! वहां के डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें ‘ब्रॉट डेड’ कर दिया। अस्पताल परिसर में मौजूद सहयोगियों और परिजनों की आंखें नम हो गईं।
निष्पक्ष पत्रकारिता के स्तंभ थे मृत्युंजय; रविवार को होगा अंतिम संस्कार
दिवंगत पत्रकार मृत्युंजय सिंह अपने मिलनसार स्वभाव, निष्पक्ष और बेबाक पत्रकारिता के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए जाने जाते थे। उनके निधन से एक बड़ा शून्य पैदा हो गया है। परिजनों के अनुसार, उनका अंतिम संस्कार रविवार को किया जाएगा।
राजनीतिक दिग्गजों और पत्रकार संगठनों ने जताया गहरा दुख
मृत्युंजय सिंह के आकस्मिक निधन पर क्षेत्र के तमाम गणमान्य लोगों ने गहरी संवेदना व्यक्त की है। शोक व्यक्त करने वालों में:
- सांसद विद्युतवरण महतो, विधायक सोमेश चंद्र सोरेन, प्रदेश कांग्रेस नेता तापस चटर्जी, काल्टू चक्रवर्ती, सांसद प्रतिनिधि दिनेश साव, भाजपा जिलाध्यक्ष सत्या तिवारी, मंडल अध्यक्ष जयंत घोष, साकेत अग्रवाल और झामुमो के प्रखंड अध्यक्ष प्रधान सोरेन।
- जगदीश भकत, चौधरी उमेश सिंह, अर्जुन मार्डी, सपा नेता मो नसीम, जिला परिषद सदस्य करण सिंह, देवयानी मुर्मू, मुखिया निताई मुंडा, प्रो इंदल पासवान, नटवर अग्रवाल, सुरेश चौधरी, मनोज प्रजापति, शिबू प्रजापति, भरत श्यामल, अशोक पासवान और शिव मंदिर समिति के महासचिव नवल सिंह शामिल हैं।
इसके साथ ही प्रेस क्लब ऑफ जमशेदपुर तथा घाटशिला प्रेस क्लब के सभी पदाधिकारियों और सदस्यों ने गहरा दुख प्रकट करते हुए कहा कि ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति दें और इस कठिन समय में उनके परिवार को संबल प्रदान करें।
