रांची : झारखंड में राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। इस बीच झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने अपने संभावित उम्मीदवारों में से एक नाम पर मुहर लगा दी है। पार्टी ने वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक बैद्यनाथ राम को राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार बनाने का फैसला किया है। हालांकि दूसरे प्रत्याशी के नाम को लेकर अभी भी मंथन जारी है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, दूसरे उम्मीदवार के नाम पर सहमति बनाने के लिए महागठबंधन के स्तर पर लगातार चर्चा चल रही है। संभावना जताई जा रही है कि शनिवार शाम तक दूसरे प्रत्याशी के नाम की भी आधिकारिक घोषणा कर दी जाएगी। बैद्यनाथ राम झारखंड की राजनीति का जाना-पहचाना चेहरा हैं। वह लातेहार विधानसभा क्षेत्र से तीन बार विधायक रह चुके हैं। झारखंड गठन के बाद हुए उपचुनाव में जनता दल यूनाइटेड के टिकट पर जीत दर्ज कर उन्होंने पहली बार विधानसभा में प्रवेश किया था।
वर्ष 2019 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने झामुमो उम्मीदवार के रूप में लातेहार सीट से जीत हासिल की थी। इस चुनाव में उन्हें 76,507 मत मिले थे और उन्होंने भाजपा प्रत्याशी प्रकाश राम को पराजित किया था। संगठन में लंबे समय से सक्रिय भूमिका और क्षेत्र में मजबूत राजनीतिक पकड़ को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने उन्हें राज्यसभा के लिए उपयुक्त उम्मीदवार माना है। राज्यसभा चुनाव को लेकर महागठबंधन और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) दोनों अपने-अपने उम्मीदवारों के चयन में जुटे हैं। ऐसे में झामुमो द्वारा बैद्यनाथ राम के नाम की घोषणा को महत्वपूर्ण राजनीतिक कदम माना जा रहा है। अब सभी की निगाहें दूसरे उम्मीदवार के नाम पर टिकी हैं, जिसकी घोषणा जल्द होने की संभावना है।
