चार वर्षीय स्नातक और यूजी वोकेशनल पाठ्यक्रमों में दाखिले का संशोधित कार्यक्रम जारी, 3 अगस्त से शुरू होंगी कक्षाएं,
जमशेदपुर : उच्च शिक्षा प्राप्त करने की इच्छुक छात्राओं के लिए राहत भरी खबर है। जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी ने चार वर्षीय स्नातक सत्र 2026-30 और यूजी वोकेशनल सत्र 2026-29 में नामांकन के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। विश्वविद्यालय द्वारा जारी संशोधित अधिसूचना के अनुसार अब छात्राएं 22 जून 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगी। पहले आवेदन की अंतिम तिथि 12 जून निर्धारित थी। डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर कार्यालय की ओर से जारी सूचना के अनुसार इच्छुक छात्राएं चांसलर पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्राओं से निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है।
तीन चरणों में जारी होगी मेधा सूची
विश्वविद्यालय के नए कार्यक्रम के अनुसार प्रथम मेधा सूची 24 जून को प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद प्रमाणपत्र सत्यापन और नामांकन की प्रक्रिया शुरू होगी। वहीं द्वितीय मेधा सूची 7 जुलाई तथा तृतीय मेधा सूची 18 जुलाई को जारी की जाएगी।
1 अगस्त को ओरिएंटेशन, 3 अगस्त से पढ़ाई
नवनामांकित छात्राओं के लिए 1 अगस्त को ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके बाद नए शैक्षणिक सत्र की नियमित कक्षाएं 3 अगस्त 2026 से शुरू होंगी।
महत्वपूर्ण तिथियां
- ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि: 22 जून
- प्रथम मेधा सूची: 24 जून
- प्रथम सूची सत्यापन: 24 जून से 2 जुलाई
- प्रथम सूची नामांकन: 29 जून से 6 जुलाई
- द्वितीय मेधा सूची: 7 जुलाई
- द्वितीय सूची सत्यापन: 7 जुलाई से 11 जुलाई
- द्वितीय सूची नामांकन: 10 जुलाई से 17 जुलाई
- तृतीय मेधा सूची : 18 जुलाई
- तृतीय सूची सत्यापन: 18 जुलाई से 24 जुलाई
- तृतीय सूची नामांकन : 21 जुलाई से 27 जुलाई
- ओरिएंटेशन कार्यक्रम : 1 अगस्त
- कक्षाओं का संचालन: 3 अगस्त
विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा है कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नामांकन प्रक्रिया पूरी की जाएगी, ताकि नए सत्र की पढ़ाई समय पर शुरू हो सके।
