बहरागोड़ा: पूर्वी सिंहभूम के बहरागोड़ा प्रखंड अंतर्गत मांगड़ोसोल गांव में जहरीले चंद्रबोड़ा (रसेल वाइपर) सांप के डंसने से 28 वर्षीय युवक टिपसू हेब्रम की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, चार दिन पहले टिपसू हेब्रम अपने घर के आसपास झाड़ियों और कचरे की सफाई कर रहे थे। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे चंद्रबोड़ा सांप पर अनजाने में उनका पैर पड़ गया। इससे आक्रामक हुए सांप ने उन्हें डंस लिया। युवक की चीख सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा तत्काल उसे बहरागोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद भी हालत गंभीर बनी रहने पर चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए ओडिशा के बारीपदा अस्पताल रेफर कर दिया।
परिजनों के मुताबिक, बारीपदा अस्पताल में इलाज के दौरान टिपसू की स्थिति में सुधार हो रहा था और उसके स्वस्थ होकर घर लौटने की उम्मीद जगी थी। लेकिन इलाज के दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। युवक की मौत की खबर गांव पहुंचते ही मांगड़ोसोल में मातम छा गया। ग्रामीणों ने क्षेत्र में जहरीले सांपों की बढ़ती मौजूदगी पर चिंता जताते हुए लोगों से साफ-सफाई के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
