Musabani News : झारखंड आंदोलनकारियों की बैठक में निर्णय, 22 जून को दिवंगत सेनानियों को दी जाएगी श्रद्धांजलि

Musabani News : झारखंड आंदोलनकारियों की बैठक में निर्णय, 22 जून को दिवंगत सेनानियों को दी जाएगी श्रद्धांजलि

Johar News Times
1 Min Read

मुसाबनी : मुसाबनी नंबर-1 में झामुमो नेता कानून सामंत के आह्वान पर झारखंड आंदोलनकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 22 जून को आजसू के स्थापना दिवस के अवसर पर अलग झारखंड राज्य आंदोलन में योगदान देने वाले दिवंगत आंदोलनकारियों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।

बैठक को संबोधित करते हुए कानून सामंत ने कहा कि मुसाबनी प्रखंड के अनेक आंदोलनकारियों ने अलग झारखंड राज्य के निर्माण की लड़ाई में सक्रिय भूमिका निभाई थी। इनमें से कई आंदोलनकारी अब इस दुनिया में नहीं हैं, जिनके योगदान को याद करना और नई पीढ़ी तक उनकी संघर्षगाथा पहुंचाना जरूरी है।

उन्होंने बताया कि श्रद्धांजलि सभा का आयोजन 22 जून को अग्रसेन भवन में किया जाएगा। कार्यक्रम को भव्य स्वरूप देने की तैयारी की जा रही है और इसमें कोल्हान क्षेत्र के कई वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों तथा मंत्रियों को आमंत्रित करने का निर्णय लिया गया है। बैठक में आंदोलनकारियों ने झारखंड आंदोलन के इतिहास और उसमें स्थानीय सेनानियों के योगदान को सहेजने पर भी जोर दिया। उपस्थित लोगों ने कहा कि राज्य निर्माण के लिए संघर्ष करने वाले आंदोलनकारियों का सम्मान करना समाज की जिम्मेदारी है।

Share This Article