IPL फाइनल पर मौसम का साया, अहमदाबाद में येलो अलर्ट; RCB-गुजरात टाइटंस आज भिड़ेंगे खिताबी जंग में

IPL फाइनल पर मौसम का साया, अहमदाबाद में येलो अलर्ट; RCB-गुजरात टाइटंस आज भिड़ेंगे खिताबी जंग में

Johar News Times
3 Min Read

अहमदाबाद: आईपीएल 2026 के फाइनल मुकाबले से पहले मौसम ने आयोजकों और क्रिकेट प्रशंसकों की चिंता बढ़ा दी है। अहमदाबाद में रविवार को मौसम साफ रहने के बावजूद मौसम विभाग ने राज्य के कुछ हिस्सों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश की आशंका जताई गई है, जिससे नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होने वाले फाइनल मुकाबले पर मौसम का साया मंडराने लगा है। गत विजेता रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और गुजरात टाइटंस (GT) के बीच खिताबी मुकाबला रविवार शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा। अहमदाबाद इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है और शनिवार को यहां अधिकतम तापमान 43.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि मुख्य बारिश की संभावना 1 जून को बताई गई है, लेकिन फाइनल के दौरान मौसम बाधा बन सकता है।

आईपीएल प्रबंधन ने फाइनल के लिए रिजर्व डे रखा है, लेकिन मौसम पूर्वानुमान के अनुसार सोमवार को बारिश की संभावना और अधिक है। ऐसे में प्रयास रहेगा कि मुकाबला रविवार को ही पूरा कराया जाए। यदि मौसम के कारण दो दिनों में भी मैच पूरा नहीं हो पाता है, तो लीग चरण में बेहतर स्थान हासिल करने वाली गुजरात टाइटंस को विजेता घोषित किया जा सकता है।

गुजरात टाइटंस को अपने घरेलू मैदान का लाभ मिलने की उम्मीद है। टीम ने इस सीजन इसी मैदान पर आरसीबी को हराया भी था। वहीं आरसीबी पिछले साल इसी स्टेडियम में पंजाब किंग्स को हराकर पहली बार चैंपियन बनी थी, जिससे टीम का आत्मविश्वास मजबूत है।

आरसीबी की बल्लेबाजी में विराट कोहली सबसे बड़े भरोसेमंद खिलाड़ी रहे हैं, जबकि गेंदबाजी में भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड ने अहम भूमिका निभाई है। दूसरी ओर शुभमन गिल की कप्तानी वाली गुजरात टाइटंस साई सुदर्शन, जोस बटलर और जेसन होल्डर के दम पर दूसरे खिताब की उम्मीद लगाए बैठी है।

RCB के फाइनल से पहले बेंगलुरु पुलिस की सख्ती, बाइक रैली और पटाखों पर रोक

फाइनल मुकाबले को लेकर बेंगलुरु में भी उत्साह चरम पर है। संभावित जश्न और भीड़ को देखते हुए बेंगलुरु पुलिस ने विशेष एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने सार्वजनिक समारोह, बाइक रैली और पटाखे जलाने पर रोक लगाते हुए प्रशंसकों से नियमों का पालन करने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि यातायात व्यवस्था, कानून-व्यवस्था और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए विशेष सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। लगातार दूसरे खिताब की दहलीज पर खड़ी आरसीबी के समर्थन में बड़ी संख्या में प्रशंसकों के जुटने की संभावना को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। दोनों टीमें अपने दूसरे आईपीएल खिताब की तलाश में हैं। ऐसे में मौसम की चुनौती के बीच अहमदाबाद में होने वाला यह मुकाबला रोमांचक होने की पूरी उम्मीद है।

Share This Article