जमशेदपुर: उलीडीह ओपी क्षेत्र में 24 वर्षीय युवक का शव झाड़ियों में मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान शकोंसाई रोड नंबर-2 निवासी विकास सिंह के रूप में हुई है। उसका शव आदिवासी क्लब के पास झाड़ियों में पड़ा मिला, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही उलीडीह पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
परिजनों के अनुसार विकास सिंह शनिवार रात उलीडीह स्थित अपने भगिने से मिलने गया था। वहां से लौटने के बाद वह घर नहीं पहुंचा, जिसके कारण परिजन पूरी रात उसकी तलाश करते रहे। रविवार सुबह उलीडीह की एक युवती ने फोन कर परिवार को शव मिलने की जानकारी दी। प्रारंभिक जांच में मृतक के सिर पर धारदार हथियार से किए गए कई वार के निशान मिले हैं। चोटों की प्रकृति को देखते हुए हत्या की आशंका जताई जा रही है। मृतक के भाई ने क्षेत्र में सक्रिय कुछ नशेड़ियों पर संदेह व्यक्त किया है।

फिलहाल पुलिस हत्या समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा होने की उम्मीद है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
