बागबेड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़ौदा घाट के पास शनिवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब खरकई नदी से एक अज्ञात किशोर का शव बरामद हुआ। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैली हुई है। मृतक की उम्र लगभग 16 वर्ष के आसपास आंकी जा रही है, जिसकी शिनाख्त अभी तक नहीं हो पाई है।
नहाने पहुंचे लोगों की पड़ी नजर, बचाने की कोशिश रही नाकाम प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह कुछ स्थानीय लोग बड़ौदा घाट पर नदी में स्नान करने पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी नजर पानी में बहते हुए एक किशोर पर पड़ी। स्थानीय लोगों ने बिना वक्त गंवाए तत्परता दिखाई और किशोर को नदी से बाहर निकालकर किनारे पर लाए। बताया जा रहा है कि जब उसे पानी से बाहर निकाला गया, तब उसकी सांसें हल्की चल रही थीं। लोगों ने उसे बचाने का हरसंभव प्रयास किया, लेकिन कुछ ही देर में उसने दम तोड़ दिया।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, शिनाख्त की कोशिश में जुटी पुलिस घटना की भनक लगते ही घाट पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। मामले की सूचना तुरंत बागबेड़ा थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। आसपास के इलाकों और थानों में गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाली जा रही है ताकि किशोर की पहचान की जा सके। इसके साथ ही पुलिस इस पहलू पर भी जांच कर रही है कि किशोर नदी तक किन परिस्थितियों में पहुंचा— क्या यह हादसा पैर फिसलने की वजह से हुआ या इसके पीछे कोई और कारण है।
