खरसावां में अवैध शराब कारोबार पर बड़ी कार्रवाई, तीन भट्टियां ध्वस्त

खरसावां में अवैध शराब कारोबार पर बड़ी कार्रवाई, तीन भट्टियां ध्वस्त

Johar News Times
2 Min Read

सरायकेला-खरसावां : जिले के खरसावां थाना क्षेत्र में उत्पाद विभाग ने अवैध शराब निर्माण के खिलाफ अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। गुप्त सूचना के आधार पर रिडींग गांव के कातीदिरी इलाके में छापेमारी कर तीन अवैध महुआ शराब भट्टियों को ध्वस्त कर दिया गया।

छापेमारी के दौरान विभाग की टीम ने करीब 1100 किलोग्राम जावा महुआ और लगभग 40 लीटर अवैध महुआ चुलाई शराब बरामद की। बरामद सामग्री को जब्त कर नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले में उपायुक्त और उत्पाद अधीक्षक के निर्देश पर अवैध शराब निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को कातीदिरी गांव में यह कार्रवाई की गई।

बताया जा रहा है कि विभागीय टीम के पहुंचने की भनक लगते ही अवैध भट्ठी संचालक मौके से फरार हो गए। विभाग अब संबंधित लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ झारखंड उत्पाद अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज करने की तैयारी कर रहा है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब कारोबार पर रोक लगाने के लिए आगे भी लगातार छापेमारी अभियान जारी रहेगा। अधिकारियों का कहना है कि अवैध शराब के कारण सामाजिक और स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ रही हैं, इसलिए इस पर सख्ती बेहद जरूरी है।

Share This Article