नई दिल्ली : देशभर में ईद-उल-अजहा (बकरीद) का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला सहित कई केंद्रीय मंत्रियों और नेताओं ने मुस्लिम समुदाय को शुभकामनाएं दी हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा—त्याग और मानवता का संदेश
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर संदेश जारी करते हुए कहा कि ईद-उल-अजहा का पर्व समर्पण, त्याग और बलिदान का प्रतीक है। उन्होंने देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व मानवता, विशेषकर वंचित वर्गों की सेवा करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने समाज में प्रेम, भाईचारे और समरसता को बढ़ावा देने की अपील की।
उपराष्ट्रपति और लोकसभा अध्यक्ष का संदेश
उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने इस अवसर पर सभी नागरिकों के लिए शांति, खुशी और सद्भावना की कामना की। वहीं लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने कहा कि यह पर्व सभी के जीवन में अमन, खुशहाली, अच्छी सेहत और समृद्धि लेकर आए तथा समाज में भाईचारे और एकता की भावना को मजबूत करे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दी बकरीद की बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी देशवासियों को ईद-उल-अजहा की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने एक्स पर लिखा कि यह पर्व समाज में भाईचारे और खुशियों की भावना को और गहरा करे तथा सभी के स्वास्थ्य और सफलता के लिए प्रार्थना की।
अन्य नेताओं ने भी दी शुभकामनाएं
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि यह पवित्र अवसर एकता, करुणा और उल्लास का संदेश देता है तथा हर व्यक्ति के जीवन में उत्तम स्वास्थ्य और समृद्धि लाए। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भी इस अवसर पर करुणा, सद्भाव और शांति की कामना की। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि ईद-उल-अजहा त्याग, आस्था, करुणा और क्षमा जैसे मूल्यों को दर्शाता है और समाज में एकता को मजबूत करता है। वहीं केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि यह पर्व प्रेम, शांति और खुशियों से भरे जीवन का संदेश देता है, जबकि मंत्री जीतन राम मांझी ने देश में अमन और भाईचारा बनाए रखने की अपील की।
