रांची सहित पूरे झारखंड में गुरुवार से भीषण गर्मी से राहत मिलने के संकेत हैं। मौसम केंद्र रांची के पूर्वानुमान के अनुसार 28 मई से राज्य के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। अगले पांच दिनों तक कई जिलों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने, मेघ गर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार 29 मई को राज्य के अधिकांश हिस्सों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। वहीं 30 मई से 2 जून तक कई इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और वज्रपात की आशंका है। उत्तर-पश्चिमी हिस्सों को छोड़कर अधिकांश जिलों के लिए सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों के पास खड़े नहीं होने की अपील की है। किसानों और आम लोगों को लगातार मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखने को कहा गया है।
रांची में 33 डिग्री तक पहुंचेगा तापमान
राजधानी रांची में अगले कुछ दिनों के दौरान तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। 27 मई को अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, जो 30 और 31 मई तक घटकर 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। न्यूनतम तापमान 23 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
डालटनगंज रहा सबसे गर्म
मौसम केंद्र रांची द्वारा जारी दैनिक मौसम बुलेटिन के अनुसार बुधवार को राज्य का सबसे अधिक तापमान डालटनगंज में 43.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पलामू प्रमंडल में भीषण गर्मी और उमस से लोग परेशान रहे। इसके अलावा रांची में अधिकतम तापमान 37 डिग्री, जमशेदपुर में 36.8 डिग्री, बोकारो में 36.2 डिग्री और चाईबासा में 38.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गुमला में 40.3 डिग्री और लोहरदगा में 39.9 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ।
खूंटी में सबसे ज्यादा बारिश
बारिश की बात करें तो बुधवार को खूंटी में सबसे अधिक 28 मिमी वर्षा दर्ज की गई। वहीं चाईबासा में 16.6 मिमी और बोकारो में 15.8 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। हालांकि राज्य के कई हिस्सों में बारिश नहीं होने के कारण उमस और गर्मी से लोगों को ज्यादा राहत नहीं मिल सकी।
