उत्तर प्रदेश के लखनऊ में आयोजित ‘दूसरी अखिल भारतीय बैडमिंटन एवं टेबल टेनिस कलस्टर प्रतियोगिता’ (09 मई से 13 मई) में झारखंड पुलिस के अधिकारियों और जवानों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य का नाम देश स्तर पर रोशन किया है। इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में झारखंड पुलिस की तरफ से वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों सहित कुल 36 पुलिस पदाधिकारियों और जवानों की टीम ने हिस्सा लिया था।
बोकारो के पुलिस महानिरीक्षक शैलेन्द्र कुमार सिन्हा के कुशल नेतृत्व में गई झारखंड पुलिस की इस टीम ने खेल के मैदान में अपने अद्भुत कौशल का परिचय दिया।
इन अधिकारियों और जवानों ने जीते मेडल
प्रतियोगिता के अलग-अलग इवेंट्स में झारखंड पुलिस ने कई पदक अपने नाम किए:
- श्रीमति ए. विज्यालक्ष्मी (आईजी, प्रशिक्षण, झारखंड): इन्होंने टेबल टेनिस के ‘GO’s 40+ महिला एकल’ मुकाबले में शानदार खेल दिखाते हुए कांस्य पदक हासिल किया।
- मनोज कुमार तिवारी (आरक्षी-1930, जमशेदपुर जिला बल): इन्होंने बैडमिंटन के ‘NGO’s 45+ पुरुष एकल’और मिश्रित युगल दोनों ही प्रतियोगिताओं में देश स्तर पर कांस्य पदक जीतकर अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाया।
- फुलमनी मुंडू (हवलदार, जैप-10, होटवार, रांची): इन्होंने बैडमिंटन के ‘NGO’s 45+ महिला एकल’ और मिश्रित युगल प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतकर झारखंड पुलिस का गौरव बढ़ाया।
डीजीपी ने खिलाड़ियों का बढ़ाया हौसला
प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर लौटने के बाद, बोकारो आईजी शैलेन्द्र कुमार सिन्हा, आरक्षी मनोज कुमार तिवारी और हवलदार फुलमनी मुंडू ने 25 मई को झारखंड के पुलिस महानिदेशक एवं महानिरीक्षक से शिष्टाचार मुलाकात की।
डीजीपी ने सभी विजेता खिलाड़ियों को इस ऐतिहासिक सफलता पर बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों की पीठ थपथपाते हुए कहा कि ड्यूटी के साथ-साथ खेल के क्षेत्र में ऐसा उत्कृष्ट प्रदर्शन वाकई प्रेरणादायक है। उन्होंने टीम को भविष्य में भी इसी तरह राज्य का मान बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया।
