Padma Awards 2026: धर्मेंद्र को मरणोपरांत मिला ‘पद्म विभूषण’, सम्मान लेते वक्त भावुक हुईं हेमा मालिनी; फूट-फूटकर रोईं बेटी अहाना

सिनेमा में अभूतपूर्व योगदान: दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र को मरणोपरांत देश के दूसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'पद्म विभूषण' से नवाजा गया।

Johar News Times
2 Min Read

राजधानी दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में सोमवार (25 मई) को आयोजित भव्य ‘पद्म पुरस्कार 2026’ समारोह के दौरान बेहद भावुक कर देने वाला पल देखने को मिला। हिंदी सिनेमा के ‘ही-मैन’ और दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र को भारतीय सिनेमा में उनके 6 दशक लंबे ऐतिहासिक योगदान के लिए मरणोपरांत देश के दूसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘पद्म विभूषण’ से सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों यह खास सम्मान ग्रहण करने के लिए धर्मेंद्र की पत्नी और प्रसिद्ध अभिनेत्री हेमा मालिनी स्टेज पर पहुंचीं। इस गौरवमयी लेकिन भावुक क्षण में हेमा मालिनी अपने आंसू नहीं रोक पाईं।

मां-बेटी की आंखें हुईं नम, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

जब मंच से मरणोपरांत धर्मेंद्र के नाम की घोषणा हुई, तो वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं। पति का सम्मान लेने पहुंचीं हेमा मालिनी जहां बेहद इमोशनल नजर आईं, वहीं दर्शक दीर्घा में मौजूद उनकी बेटी अहाना देओल अपने आंसुओं पर काबू नहीं रख सकीं और फूट-फूटकर रोने लगीं।

पत्र सूचना कार्यालय (PIB) द्वारा एक्स (ट्विटर) पर शेयर किया गया इस पल का वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं, जिसे देख फैंस भी भावुक हो रहे हैं।

यादों में ही-मैन: ‘शोले’, ‘चरस’, ‘मेरा गांव मेरा देश’ और ‘अपने’ जैसी कई कल्ट क्लासिक फिल्मों के जरिए दर्शकों के दिलों पर राज करने वाले धर्मेंद्र का निधन बीते साल 24 नवंबर 2025 को 89 वर्ष की आयु में हुआ था। उनके जाने से बॉलीवुड में एक सुनहरे युग का अंत हो गया था।

राष्ट्रपति भवन में जुटे दिग्गज, इस साल 131 हस्तियों को सम्मान

राष्ट्रपति भवन में आयोजित इस साल के पहले नागरिक अलंकरण समारोह में सिनेमा, खेल, विज्ञान और संगीत जगत की कई जानी-मानी हस्तियों को सम्मानित किया गया।

गौरतलब है कि गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या (25 जनवरी) पर भारत सरकार ने इस साल के लिए कुल 131 पद्म पुरस्कारों का एलान किया था। इस सूची में:

  • 05 पद्म विभूषण
  • 13 पद्म भूषण
  • 113 पद्म श्री पुरस्कार शामिल हैं।

Share This Article