हजारीबाग: हॉस्टल के कमरे में छात्र का शव मिलने से सनसनी, पुलिस जांच जारी

हजारीबाग: हॉस्टल के कमरे में छात्र का शव मिलने से सनसनी, पुलिस जांच जारी

Johar News Times
2 Min Read

हजारीबाग: शिक्षा के हब के रूप में पहचाने जाने वाले हजारीबाग के कोर्रा थाना क्षेत्र में मुसन साव गली स्थित “कुमार बॉयज हॉस्टल” के एक कमरे से स्नातक छात्र पंकज कुमार सिंह का शव संदिग्ध हालात में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया।

मृतक पंकज कुमार सिंह मूल रूप से गिरिडीह जिले का रहने वाला था और हजारीबाग में रहकर ग्रेजुएशन (सेमेस्टर-1) की पढ़ाई कर रहा था। घटना के बाद हॉस्टल व आसपास के लॉज में रहने वाले छात्रों के बीच सन्नाटा और शोक का माहौल है। आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।

जानकारी के अनुसार, पंकज हॉस्टल के दूसरे तल्ले पर एक कमरे में अकेले रह रहा था। वह पढ़ाई में होनहार था और टेक्नोलॉजी में गहरी रुचि रखता था। वह कोडिंग और डिजिटल तकनीकों पर काम करता था। उसने छात्रों की सुविधा के लिए “वन नियर” नाम से एक मोबाइल ऐप भी तैयार किया था, जिसकी छात्रों और स्थानीय लोगों के बीच सराहना होती थी। यह ऐप नए छात्रों को शहर में कमरा, लॉज या हॉस्टल खोजने में मदद करता था।

घटना की सूचना मिलते ही कोर्रा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है, जो गिरिडीह से हजारीबाग के लिए रवाना हैं। फिलहाल कमरे का दरवाजा परिजनों की मौजूदगी में खोलने की तैयारी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम और कमरे की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी कि यह मामला आत्महत्या का है या कुछ और। सुसाइड नोट या अन्य सुराग की भी तलाश की जा रही है।

Share This Article