रांची के नगड़ी थाना क्षेत्र स्थित प्रेमनगर निवासी समाजसेवी बजरंग महतो से 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। रंगदारी नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई है। इस संबंध में पीड़ित ने नगड़ी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार बजरंग महतो अपने घर पर मौजूद थे, तभी एक विदेशी नंबर से उनके व्हाट्सएप पर मैसेज आया। मैसेज भेजने वाले ने दो दिनों के भीतर 50 लाख रुपये देने को कहा। साथ ही रकम नहीं देने पर गंभीर अंजाम भुगतने और कार्रवाई करने की धमकी दी गई।
घटना के बाद पीड़ित परिवार में दहशत का माहौल है। परिवार ने पुलिस से सुरक्षा की मांग की है। मामले की जानकारी मिलते ही नगड़ी थाना पुलिस जांच में जुट गई है। थाना प्रभारी ने बताया कि धमकी देने में इस्तेमाल किए गए विदेशी नंबर की तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है। मामले की पड़ताल साइबर सेल की मदद से भी की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि धमकी देने वाले का संबंध किसी संगठित गिरोह या साइबर अपराध नेटवर्क से तो नहीं है।
