जमशेदपुर: साकची थाना क्षेत्र के करीम सिटी कॉलेज के पास से चोरी हुई टाटा स्टील कर्मी रजनीकांत की बाइक आखिरकार चेपा पुल से बरामद हो गई। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
OLX के जरिए खुला चोरी का राज
बाइक चोरी की रिपोर्ट रजनीकांत ने साकची थाने में दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस जांच कर रही थी। इसी दौरान रजनीकांत ने खुद OLX के जरिए अपनी बाइक का सुराग खोज निकाला। एक युवक ने उन्हें OLX पर बाइक दिखाकर व्हाट्सएप पर फोटो भेजी और चेपा पुल पर कई पुरानी बाइकें दिखाने की बात कही।
चेपा पुल पर मिली चोरी की बाइक
रजनीकांत जब चेपा पुल पहुंचे, तो उन्हें एक पुरानी बाइक की दुकान में अपनी ही चोरी हुई बाइक नजर आ गई। बाइक देखकर वे तुरंत समझ गए और उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने मौके पर की कार्रवाई
सूचना मिलते ही आजाद नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एक आरोपी को पकड़ लिया। बाद में साकची थाना पुलिस भी पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर बाइक बरामद कर ली। पुलिस के अनुसार मामले की जांच जारी है और आरोपी को जल्द ही न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा।
