सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल प्रखंड अंतर्गत चिलगु कॉलोनी में पिछले एक सप्ताह से जारी बिजली संकट के बीच स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिलने जा रही है। भीषण गर्मी और 41 डिग्री तापमान के बीच बिजली कटौती से परेशान ग्रामीणों के लिए अब 200 KVA क्षमता का नया ट्रांसफार्मर लगाया जा रहा है। यह पहल आजसू पार्टी के केंद्रीय महासचिव एवं समाजसेवी हरे लाल महतो के प्रयास से संभव हो सकी है।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार क्षेत्र में पहले लगा 100 KVA ट्रांसफार्मर खराब हो गया था। इसके बाद विभाग द्वारा समान क्षमता का दूसरा ट्रांसफार्मर लगाया गया, लेकिन बढ़ते लोड के कारण वह भी कुछ ही दिनों में जल गया। लगातार बिजली बाधित रहने से पूरे इलाके में पेयजल संकट गहरा गया था और गर्मी से लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा था।
ग्रामीणों ने बताया कि चिलगु कॉलोनी में उपभोक्ताओं की संख्या बढ़ने के बावजूद पर्याप्त क्षमता का ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया था। कई बार मांग करने के बाद भी समाधान नहीं निकल पाया। समस्या बढ़ने पर हरे लाल महतो ने बिजली विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर तत्काल 200 KVA ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की।
महतो के हस्तक्षेप के बाद विभाग ने नए ट्रांसफार्मर की स्वीकृति दी। बुधवार को नया ट्रांसफार्मर क्षेत्र में पहुंच गया, जिसके बाद स्थापना कार्य शुरू कर दिया गया। उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही इलाके की बिजली आपूर्ति सामान्य हो जाएगी।
ग्रामीणों ने हरे लाल महतो के प्रति आभार जताते हुए कहा कि उनकी पहल से लंबे समय से चली आ रही समस्या का समाधान संभव हो पाया है। वहीं हरे लाल महतो ने कहा कि जनता की मूलभूत सुविधाओं को लेकर वे हमेशा सक्रिय रहेंगे और जरूरत पड़ने पर संबंधित विभागों से लगातार संवाद करते रहेंगे।
ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट पोर्टल न्यूज को लाइक और सब्सक्राइब करें – joharnewstimes.com
