धनबाद मंडल कारा में बंद एक विचाराधीन कैदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान 27 वर्षीय जीतन राज़वार के रूप में हुई है, जो गोविंदपुर थाना क्षेत्र के संग्रामडीह का रहने वाला था। उसे पत्नी संजोती देवी की हत्या के आरोप में 16 मई को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था।
धनबाद मंडल कारा के जेलर दिनेश वर्मा ने बताया कि जेल में जीतन रजवार की तबीयत पहले भी बिगड़ी थी और वह अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा था। इसके बाद उसे इलाज के लिए धनबाद सदर अस्पताल भेजा गया था। प्राथमिक उपचार के बाद उसे वापस जेल लाया गया। जेलर के अनुसार, सोमवार देर रात उसकी तबीयत फिर खराब हो गई। उसे अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद जेल प्रशासन ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जेल प्रशासन ने बताया कि कैदी की स्वास्थ्य स्थिति को लेकर जेल के अंदर मेडिकल बोर्ड की बैठक भी हुई थी। जांच के दौरान उसमें मिर्गी जैसी बीमारी के लक्षण पाए गए थे। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
बताया गया कि 16 मई को जीतन रजवार की पत्नी संजोती देवी का शव घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। संजोती के पिता नरेश राज़वार के बयान पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जीतन रजवार को जेल भेजा था। जीतन और संजोती की शादी छह वर्ष पहले हुई थी और उनका एक चार साल का बेटा भी है। संजोती बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के अमलाटांड़ की रहने वाली थीं।
