रांची में कारोबारी पर फायरिंग कराने वाला मुख्य साजिशकर्ता गिरफ्तार, अनिल टाइगर हत्याकांड से भी जुड़ा नाम

रांची में कारोबारी पर फायरिंग कराने वाला मुख्य साजिशकर्ता गिरफ्तार, अनिल टाइगर हत्याकांड से भी जुड़ा नाम

Johar News Times
4 Min Read

रांची पुलिस ने कटहल मोड़ निवासी छड़-सिमेंट व्यवसायी राधेश्याम साहु पर जानलेवा हमला कराने के मुख्य साजिशकर्ता अभिषेक कुमार सिन्हा उर्फ सूरज सिन्हा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। पुलिस ने उसे कोलकाता से गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार 15 अक्टूबर 2025 को नगड़ी थाना क्षेत्र के कटहल मोड़ स्थित साम्भवी इंटरप्राइजेज के मालिक राधेश्याम साहु पर दुकान के पास अंधाधुंध फायरिंग की गई थी, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इस मामले में नगड़ी थाना कांड संख्या 160/25 दर्ज किया गया था। घटना के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर ग्रामीण एसपी के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया था। पूछताछ में आरोपी सूरज सिन्हा ने खुलासा किया कि कारोबारी पर हमला 20 लाख रुपये की सुपारी लेकर कराया गया था। मामले में शामिल दो शूटरों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है। पुलिस के मुताबिक सूरज सिन्हा रांची के किशोरगंज इलाके का रहने वाला है और कई संगीन मामलों में वांछित रहा है।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि सूरज सिन्हा चर्चित अनिल महतो हत्याकांड में भी मुख्य साजिशकर्ताओं में शामिल था। 26 मार्च 2025 को कांके चौक स्थित शिव मंदिर के पास एक होटल में अनिल टाइगर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस पहले ही दो शूटरों समेत छह लोगों को गिरफ्तार कर चार्जशीट दाखिल कर चुकी है।

पूरक जांच के दौरान मिले तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर सूरज सिन्हा की भूमिका सामने आई। पुलिस के अनुसार कांके थाना क्षेत्र के चामगुरु मौजा स्थित 10 एकड़ पुश्तैनी जमीन विवाद को लेकर देवव्रत नाथ शाहदेव और अनिल टाइगर के बीच तनाव था। इसी विवाद के कारण देवव्रत नाथ शाहदेव ने सूरज सिन्हा के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी। पुलिस का दावा है कि अनिल टाइगर की हत्या के लिए 5 लाख रुपये की सुपारी दी गई थी, जिसकी कुछ रकम बैंक ट्रांजेक्शन के जरिए आरोपी के खाते में भेजी गई थी। हत्या की साजिश रांची और कोलकाता में बैठकर रची गई थी। गिरफ्तार आरोपी पर रांची, बोकारो और हजारीबाग समेत कई जिलों में हत्या, रंगदारी, आर्म्स एक्ट और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस अब उसके आपराधिक नेटवर्क और अन्य सहयोगियों की तलाश में जुटी है।

इस कार्रवाई में सहायक पुलिस अधीक्षक सह थाना प्रभारी कांके साक्षी जमुआर, वरीय पुलिस उपाधीक्षक अमर कुमार पाण्डेय, अरविन्द कुमार, दलादली टीओपी प्रभारी सत्य प्रकाश उपाध्याय, संदीप राज, अरुण कुमार अकेला, बलेन्द्र कुमार समेत तकनीकी शाखा और सशस्त्र बल की टीम शामिल रही।

अबसे हर अपडेट के लिये जुड़े रहे — ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट को लाइक और सब्सक्राइब करें — joharnewstimes.com

Share This Article