सरायकेला: अवैध खनन पर जिला प्रशासन का कड़ा प्रहार, कुचाई में पकड़ा गया क्वार्ट्ज का अवैध खेल, प्राथमिकी दर्ज

खनिज संपदा पर डाका बर्दाश्त नहीं—सरायकेला प्रशासन का अवैध खनन के खिलाफ युद्ध जारी!

Johar News Times
2 Min Read

जिला प्रशासन ने खनिजों के अवैध उत्खनन के खिलाफ अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह के निर्देशानुसार आज कुचाई थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की गई। जिला खनन पदाधिकारी के नेतृत्व में टीम ने मेरोमजंगा मौजा में औचक छापेमारी की, जहाँ खनिज संपदा की अवैध लूट का मामला उजागर हुआ है।

निरीक्षण के दौरान खनन विभाग की टीम ने पाया कि मेरोमजंगा क्षेत्र में क्वार्ट्ज/क्वार्टजाइट खनिज का बड़े पैमाने पर अवैध उत्खनन किया जा रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई की। इस अवैध गतिविधि में संलिप्त जमीन मालिकों और अन्य संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कुचाई थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले के भीतर खनिजों के अवैध खनन, भंडारण या परिवहन को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि खनन विभाग और जिला प्रशासन की टीमें लगातार निगरानी रख रही हैं और ऐसी गतिविधियों में शामिल लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।

जिला प्रशासन ने जनता से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यदि कहीं भी अवैध उत्खनन या परिवहन की सूचना मिले, तो तुरंत प्रशासन को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

अबसे हर अपडेट के लिये जुड़े रहे — ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट को लाइक और सब्सक्राइब करें — joharnewstimes.com

Share This Article