चतरा , आनलाइन फार्मेसी की, अनियंत्रित कार्यप्रणाली और दवाओं पर दी जा रही भारी छूट के विरोध में 20 मई को जिले की सभी दवा दुकानें बंद रहेंगी। यह बंदी आल इंडिया आर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स के आह्वान पर की जा रही है।
चतरा डिस्ट्रिक्ट केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स एसोसिएशन के सचिव अनिमेष दत्ता ने बुधवार को गौरक्षणी स्थित एक होटल में आयोजित प्रेसवार्ता में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अवैध ई-फार्मेसी और ऑनलाइन प्लेटफार्म पर दवाओं की भारी छूट के कारण देशभर के करीब पांच करोड़ लोगों की आजीविका पर संकट उत्पन्न हो गया है। दत्ता ने बताया कि एआइओसीडी की ओर से कई बार सरकार से इस दिशा में ठोस पहल करने की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
ई-फार्मेसी प्लेटफार्म नियमों में ढील का फायदा उठाकर बिना भौतिक सत्यापन के दवाओं की बिक्री कर रहे हैं। इससे एक ही प्रिस्क्रिप्शन का बार-बार उपयोग किया जा रहा है, जो चिंताजनक है।
उन्होंने कहा कि एआई आधारित फर्जी प्रिस्क्रिप्शन के माध्यम से एंटीबायोटिक्स एवं नशीली दवाओं की अनियंत्रित उपलब्धता एंटी माइक्रोबियल रेजिस्टेंस (एएमआर) जैसे बड़े खतरे को जन्म दे रही है।
इससे जनस्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बड़े कार्पोरेट संस्थान भारी छूट देकर बाजार संतुलन बिगाड़ रहे हैं, जिसका सबसे अधिक असर छोटे दवा व्यवसायियों पर पड़ रहा है।
ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट को लाइक और सब्सक्राइब करें — joharnewstimes.com

