झारखंड में 9362 सिपाही पदों पर बहाली की तैयारी तेज, रोस्टर क्लियरेंस पर आज अहम बैठक

झारखंड में 9362 सिपाही पदों पर बहाली की तैयारी तेज, रोस्टर क्लियरेंस पर आज अहम बैठक

Johar News Times
3 Min Read

झारखंड पुलिस में लंबे समय से प्रतीक्षित सिपाही भर्ती प्रक्रिया अब जल्द शुरू होने की संभावना है। राज्य में 9362 सिपाही पदों पर नियुक्ति को लेकर गुरुवार को पुलिस मुख्यालय में रोस्टर क्लियरेंस संबंधी महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जा रही है। इस बैठक में भर्ती प्रक्रिया में आ रही तकनीकी और श्रेणीवार त्रुटियों को दूर कर आगे की कार्रवाई को अंतिम रूप दिया जाएगा।

जानकारी के अनुसार, रोस्टर क्लियरेंस की प्रक्रिया पूरी होने के बाद भर्ती प्रस्ताव गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग को भेजा जाएगा। विभागीय मंजूरी मिलने के बाद इसे झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) को भेजा जाएगा, जिसके बाद आधिकारिक विज्ञापन जारी किया जाएगा।

दरअसल, पुलिस मुख्यालय ने पहले राज्य के सभी जिलों और इकाइयों से आरक्षी संवर्ग के रिक्त पदों का श्रेणीवार विवरण मांगा था। इसमें चालक, आर्मरर और बिगुलर पदों को शामिल नहीं किया गया था। हालांकि जिलों से प्राप्त रिपोर्ट की जांच के दौरान कई तकनीकी गड़बड़ियां और आरक्षण श्रेणी से जुड़ी त्रुटियां सामने आई थीं। इन्हीं कमियों के कारण भर्ती प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पा रही थी। अब पुलिस मुख्यालय इन सभी त्रुटियों को तत्काल दूर कर बहाली प्रक्रिया को गति देने में जुटा है। बैठक में झारखंड पुलिस अकादमी हजारीबाग के निदेशक के साथ रांची, जमशेदपुर और धनबाद के एसएसपी को अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है।

इसके अलावा राज्य के सभी जिलों के एसपी को भी बैठक में शामिल होने को कहा गया है। रेलवे पुलिस, JAP, IRB और SIRB जैसी विशेष इकाइयों के प्रमुखों को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं मुसाबनी प्रशिक्षण केंद्र, नेतरहाट और अन्य प्रशिक्षण एवं विशेष इकाइयों के अधिकारियों को भी बैठक में भाग लेने का निर्देश दिया गया है। पुलिस मुख्यालय ने सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि रोस्टर से जुड़ी खामियों को बैठक के दौरान ही दूर किया जाए, ताकि भर्ती प्रक्रिया में आगे किसी तरह की देरी न हो। भर्ती प्रक्रिया शुरू होने की खबर से राज्य के हजारों युवाओं में उत्साह देखा जा रहा है, जो लंबे समय से पुलिस भर्ती का इंतजार कर रहे हैं।

ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट को लाइक और सब्सक्राइब करें — joharnewstimes.com

Share This Article