धनबाद उपायुक्त से शिकायत कर कार्रवाई की मांग,
पंचायत सेवक व सचिव पर अवैध वसूली और मिलीभगत का आरोप
महुदा/नावागढ़: बाघमारा प्रखंड अंतर्गत नावागढ़ बस्ती में प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर विवाद गहरा गया है। नावागढ़ बस्ती निवासी स्व. चण्डी चरण चटर्जी के पुत्र आदित्य चटर्जी ने धनबाद उपायुक्त, बाघमारा बीडीओ एवं बाघमारा सीओ को शिकायत पत्र सौंपकर आरोप लगाया है कि उनकी रैयती जमीन पर जबरन प्रधानमंत्री आवास का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने इस मामले में पंचायत सेवक, पंचायत सचिव और लाभुक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायतकर्ता के अनुसार पीएम आवास योजना के तहत रजिस्ट्रेशन नंबर जेएच 142485377 से पार्थो चटर्जी की पत्नी शिवली चटर्जी के नाम आवास आवंटित किया गया है। आरोप है कि उक्त आवास का निर्माण उनकी निजी जमीन पर किया जा रहा है, जबकि इस संबंध में पूर्व में पंचायत सचिव को भी शिकायत दी जा चुकी है। बावजूद इसके अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने पंचायत सचिव पर मोटी रकम की वसूली करने का भी आरोप लगाया है। शिकायत पत्र में कहा गया है कि बार-बार आपत्ति जताने के बावजूद निर्माण कार्य नहीं रोका जा रहा है। उल्टा, विरोध करने पर लाभुक द्वारा गाली-गलौज और मारपीट पर उतारू होने की बात कही गई है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि लाभुक खुलेआम यह कहता है कि “मुखिया, पंचायत सेवक और प्रखंड विकास पदाधिकारी सभी उसके साथ हैं, इसलिए कोई उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकता।” मामले को गंभीर बताते हुए शिकायतकर्ता ने संबंधित अधिकारीयों से अविलंब हस्तक्षेप कर उनकी जमीन पर हो रहे पीएम आवास निर्माण कार्य को रोकने तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
“मामले के संबंध में बाघमारा बीडीओ से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने कॉल का जवाब नहीं दिया।”
वहीं बाघमारा सीओ से भी मामले के संबंध में संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकीन संपर्क नहीं हो पाया।
