पलामू जिले के पांकी प्रखंड में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) द्वारा 15 मई को कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन थाना रोड स्थित बाबा मैरेज हॉल में होगा, जिसमें पार्टी के जिला स्तरीय पदाधिकारी, प्रखंड प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
झामुमो नेता मिथलेश पांडेय ने बुधवार को प्रेस वार्ता कर बताया कि सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करना और कार्यकर्ताओं को नई जिम्मेदारियों से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि पार्टी गांव और बूथ स्तर तक अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए लगातार अभियान चला रही है। इसी कड़ी में पांकी प्रखंड कार्यकर्ता सम्मेलन को अहम माना जा रहा है।
उन्होंने जानकारी दी कि सम्मेलन के दौरान पांकी प्रखंड कमेटी के गठन की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी। साथ ही संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान और आगामी राजनीतिक रणनीति पर चर्चा होगी। पार्टी नेताओं का कहना है कि मजबूत संगठन के बल पर ही आम लोगों की समस्याओं को प्रभावी तरीके से उठाया जा सकता है।
मिथलेश पांडेय ने प्रखंड क्षेत्र के सभी पंचायतों और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से सम्मेलन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता ही पार्टी की रीढ़ हैं और उनकी सक्रिय भागीदारी से संगठन को नई ताकत मिलेगी।
प्रेस वार्ता के दौरान सुबोध सिंह, वीरेंद्र गिरी, सुनील प्रसाद, प्रमोद प्रसाद गुप्ता, उदय प्रसाद गुप्ता, मुखिया नीतीश कुमार, संतोष भुइया, राजकुमार उरांव, संजय यादव, बलराम यादव सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता और पार्टी समर्थक मौजूद रहे।
अबसे हर अपडेट के लिये जुड़े रहे — ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट को लाइक और सब्सक्राइब करें — joharnewstimes.com
