अब मोबाइल वैन से बनेगा पासपोर्ट, रांची में शुरू हुई नई सुविधा

अब मोबाइल वैन से बनेगा पासपोर्ट, रांची में शुरू हुई नई सुविधा

Johar News Times
2 Min Read

पासपोर्ट बनवाने के लिए अब लोगों को बार-बार पासपोर्ट सेवा केंद्र या क्षेत्रीय कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। रीजनल पासपोर्ट ऑफिस रांची ने मोबाइल पासपोर्ट वैन सेवा शुरू की है, जिसके जरिए आवेदन प्रक्रिया लोगों के नजदीक पहुंचाई जाएगी। इस नई व्यवस्था के तहत पासपोर्ट कार्यालय की टीम तय स्थान पर पहुंचकर आवेदन, दस्तावेज सत्यापन और बायोमेट्रिक प्रक्रिया पूरी करेगी। इससे खासकर दूरदराज इलाकों के लोगों, छात्रों, संस्थानों और सामूहिक आवेदन करने वालों को बड़ी राहत मिलेगी।

किन्हें मिलेगा लाभ

यह सुविधा शैक्षणिक संस्थानों, औद्योगिक इकाइयों, सरकारी कार्यालयों, सामाजिक संगठनों और समितियों को दी जाएगी। इसके लिए कम से कम 50 आवेदकों का समूह होना जरूरी होगा। संख्या पूरी होने पर मोबाइल पासपोर्ट वैन संबंधित स्थल पर पहुंचेगी और पूरी प्रक्रिया वहीं पूरी की जाएगी।

अतिरिक्त शुल्क नहीं लगेगा

क्षेत्रीय पासपोर्ट पदाधिकारी मानिता के अनुसार, इस सेवा के लिए कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा। आवेदकों को केवल सामान्य पासपोर्ट शुल्क देना होगा। प्रक्रिया पूरी होने के बाद पासपोर्ट सामान्य व्यवस्था के तहत तैयार होकर डाक से सीधे आवेदक के घर पहुंचाया जाएगा।

दूरदराज इलाकों को बड़ी राहत

झारखंड के कई जिलों और प्रखंडों के लोगों को पासपोर्ट बनवाने के लिए रांची या जमशेदपुर आना पड़ता है। दस्तावेज या बायोमेट्रिक संबंधी कारणों से कई बार दोबारा आना पड़ता है, जिससे समय और पैसे दोनों खर्च होते हैं। मोबाइल वैन सेवा शुरू होने से यह परेशानी काफी कम होने की उम्मीद है।विदेश में रोजगार, उच्च शिक्षा, इलाज और पर्यटन के लिए पासपोर्ट की बढ़ती मांग को देखते हुए इस पहल को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, आने वाले समय में इस सेवा का विस्तार राज्य के अन्य जिलों में भी किया जाएगा।

अबसे हर अपडेट के लिये जुड़े रहे — ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट को लाइक और सब्सक्राइब करें — joharnewstimes.com

Share This Article