पश्चिमी सिंहभूम जिले के झींकपानी थाना क्षेत्र में तीर-धनुष से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान चिड़ियापहाड़ी गांव निवासी भगवान बिरुली उर्फ दोपे (39) के रूप में हुई है। उस पर बेटेया गांव निवासी 60 वर्षीय चुइया बिरूली पर तीरों से हमला करने का आरोप है।
मामले की जानकारी देते हुए चाईबासा के एसडीपीओ बहामन टूटी ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से एक धनुष और पांच तीर बरामद किए गए हैं। घटना के दौरान चलाए गए तीन तीर पीड़ित के शरीर में फंस गए थे, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस के अनुसार यह घटना 9 मई 2026 को हुई थी। प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश को हमले की वजह माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि आरोपी और पीड़ित पक्ष के बीच वर्षों पुराना विवाद चला आ रहा था।
स्थानीय स्तर पर यह चर्चा भी सामने आई है कि वर्ष 1995 में आरोपी के पिता स्वर्गीय लागो बिरूली की हत्या में पीड़ित पक्ष के लोगों की संलिप्तता बताई जाती रही है। इसी रंजिश के चलते आरोपी द्वारा बदला लेने की योजना बनाई गई थी। हालांकि पुलिस ने इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
एसडीपीओ बहामन टूटी ने कहा कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही हमले के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो पाएगी।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।
हर अपडेट के लिये जुड़े रहे — ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट को लाइक और सब्सक्राइब करें — joharnewstimes.com








