रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने रोमांचक मुकाबले में मुंबई इंडियंस को 2 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की।
लगातार दो हार के बाद बेंगलुरु ने जीत की राह पर वापसी करते हुए अंक तालिका में पहला स्थान हासिल कर लिया। इस जीत के साथ टीम के 14 अंक हो गए हैं। मुकाबले के सबसे बड़े नायक अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार रहे, जिन्होंने गेंद और बल्ले दोनों से अहम योगदान दिया।
मुंबई की शुरुआत रही खराब
शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट पर 166 रन बनाए।
काली मिट्टी की पिच पर गेंदबाजों को मदद मिल रही थी और भुवनेश्वर कुमार ने इसका पूरा फायदा उठाया। उन्होंने चार विकेट झटकते हुए मुंबई के शीर्ष क्रम को बुरी तरह झकझोर दिया।
भुवनेश्वर ने रेयान रीकेलटन, रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव जैसे बड़े बल्लेबाजों को जल्दी पवेलियन भेज दिया।
तिलक वर्मा और नमन धीर ने संभाली पारी
मुंबई इंडियंस ने केवल 28 रन पर तीन विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद तिलक वर्मा और नमन धीर ने पारी को संभाला।
दोनों बल्लेबाजों ने चौथे विकेट के लिए 82 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। तिलक वर्मा ने 57 रन बनाए, जबकि नमन धीर ने 47 रन की उपयोगी पारी खेली।
विराट बिना खाता खोले आउट
167 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बेंगलुरु की शुरुआत भी बेहद खराब रही। दीपक चाहर ने पहले ही ओवर में विराट कोहली को बिना खाता खोले आउट कर दिया।
इसके बाद देवदत्त पड्डीक्ल और कप्तान रजत पाटीदार भी जल्दी पवेलियन लौट गए।
क्रुणाल पांड्या ने खेली मैच जिताऊ पारी
मुश्किल समय में क्रुणाल पंड्या ने जिम्मेदारी संभाली और 46 गेंदों में 73 रन की शानदार पारी खेली।
उन्होंने जेकब बेठेल और जीतेश शर्मा के साथ अहम साझेदारी कर टीम को मुकाबले में बनाए रखा। क्रुणाल ने अपनी पुरानी टीम मुंबई इंडियंस के खिलाफ कई आकर्षक शॉट लगाए और टीम को जीत के करीब पहुंचा दिया।
आखिरी गेंद पर जीती बेंगलुरु
अंतिम दो ओवर में बेंगलुरु को जीत के लिए 18 रन चाहिए थे। जशप्रीत बूमराह ने 19वें ओवर में केवल 3 रन देकर मुकाबले को बेहद रोमांचक बना दिया।
20वें ओवर में भुवनेश्वर कुमार ने छक्का लगाकर मैच का रुख बदल दिया। आखिरकार अंतिम गेंद पर दो रन लेकर बेंगलुरु ने मुकाबला अपने नाम कर लिया।








