रांची में निजी स्कूलों द्वारा फीस वृद्धि और पीटीए गठन में लापरवाही को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने 16 सीबीएसई और 2 आईसीएसई स्कूलों को शोकॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। जिन स्कूलों ने वार्षिक फीस स्ट्रक्चर और अभिभावक-शिक्षक संघ (PTA) की जानकारी उपलब्ध नहीं कराई है, उनके खिलाफ शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
मोरहाबादी स्थित आर्यभट्ट सभागार में आयोजित जिला स्तरीय बैठक में उपायुक्त ने कहा कि एडमिशन और एनुअल चार्ज के नाम पर वसूली गई राशि को इसी वर्ष की मासिक फीस में समायोजित करने का एक्शन प्लान 10 से 15 दिनों के भीतर जिला शिक्षा पदाधिकारी को सौंपा जाए।
बैठक में बताया गया कि जिले के 149 सीबीएसई और आईसीएसई स्कूलों में से 131 ने पीटीए का गठन कर लिया है, जबकि 18 स्कूलों ने अब तक जानकारी नहीं दी। अनुपस्थित स्कूलों की कार्यात्मक स्थिति की जांच के भी आदेश दिए गए हैं।
समीक्षा के दौरान यह सामने आया कि कई निजी स्कूल आरटीई नियमों का उल्लंघन करते हुए नर्सरी से 12वीं तक 37 से 106 प्रतिशत तक वार्षिक शुल्क बढ़ा रहे हैं। उपायुक्त ने फीस संरचना को पारदर्शी, तर्कसंगत और अभिभावक हितैषी बनाने पर जोर दिया। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ स्कूल ट्रांसफर सर्टिफिकेट (TC) जारी करने के लिए 25 हजार रुपये तक वसूल रहे हैं, जो चाइल्ड प्रोटेक्शन एक्ट का उल्लंघन है।
बैठक में स्कूलों को बस चालकों का पूरा विवरण शिक्षा विभाग को देने, आरटीई के तहत 25 प्रतिशत आरक्षित सीटों पर नामांकन सुनिश्चित करने और बीपीएल बच्चों के लिए जल्द लॉटरी प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा जनगणना 2027 के तहत स्व-गणना पोर्टल के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। जिला शिक्षा अधीक्षक बादल राज ने बताया कि नागरिक se.census.gov.in पोर्टल के जरिए अपने परिवार और आवास से जुड़ी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं।
शोकॉज नोटिस पाने वाले स्कूलों में वाईबीएन पब्लिक स्कूल मैक्लुस्कीगंज, संत कोलंबस मूरबू, कैंब्रियन पब्लिक स्कूल रांची, सेंट्रल एकेडमी कांके, शाइन वैली स्कूल, रॉयल प्रोग्रेस स्कूल डकरा, झारखंड पब्लिक स्कूल डकरा, कैंब्रियन बीजूपाड़ा, सचिदानंद पब्लिक स्कूल डोरंडा, स्टार इंटरनेशनल स्कूल नगड़ी, एलए गार्डन स्कूल सामलोंग, छोटानागपुर पब्लिक स्कूल, आर्मी पब्लिक स्कूल दीपाटोली, सरस्वती शिशु विद्या मंदिर डकरा, सेंट्रल एकेडमी बरियातू, बलदेव पब्लिक स्कूल, उर्सुलाईन सिल्ली मूर और माउंट कार्मेल ओरमांझी शामिल हैं।










