जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम द्वारा शनिवार प्रातः मंडल कारा, जामताड़ा में व्यापक औचक छापेमारी अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई श्री आलोक कुमार दुबे (भा०प्र०से०), जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त, जामताड़ा तथा श्री शम्भु कुमार सिंह (भा०पु०से०), पुलिस अधीक्षक, जामताड़ा के संयुक्त नेतृत्व में संपन्न हुई। छापेमारी का उद्देश्य जेल की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेना तथा किसी प्रकार की प्रतिबंधित गतिविधियों पर रोक सुनिश्चित करना था।
अभियान के दौरान जिला प्रशासनिक पदाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिस बल की मौजूदगी में मंडल कारा के सभी कैदी वार्डों, जेल परिसर तथा बंदियों की सघन जांच और तलाशी ली गई। तलाशी अभियान के क्रम में प्रत्येक वार्ड एवं परिसर का बारीकी से निरीक्षण किया गया। प्रशासन द्वारा की गई इस कार्रवाई में किसी प्रकार की आपत्तिजनक अथवा प्रतिबंधित सामग्री बरामद नहीं हुई, जिससे जेल प्रशासन ने राहत की सांस ली।
इस संयुक्त छापेमारी दल में अनुमंडल पदाधिकारी जामताड़ा, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जामताड़ा, अंचलाधिकारी जामताड़ा, जेल अधीक्षक, पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी जामताड़ा, परिचारी प्रवर सहित बड़ी संख्या में पुरुष एवं महिला पुलिस पदाधिकारी तथा सुरक्षाबल शामिल रहे।
छापेमारी के उपरांत उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने मंडल कारा की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जेल अधीक्षक, काराकर्मियों एवं सुरक्षाकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि जेल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने के लिए नियमित जांच अभियान जारी रहेगा तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।









