दक्षिण-पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर रेल मंडल में बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया गया है। मंडल के मुख्य सुरक्षा आयुक्त पी. शंकर कुट्टी का तबादला कर उन्हें चितरंजन लोकोमोटिव वर्क्स (सीएलडब्ल्यू) में नई जिम्मेदारी दी गई है।
उनकी जगह दक्षिण रेलवे के पालघाट मंडल में कार्यरत ए. नवीन प्रसाथ को चक्रधरपुर रेल मंडल का नया मंडल सुरक्षा आयुक्त (डीएससी) नियुक्त किया गया है। बताया जा रहा है कि वे जल्द ही चक्रधरपुर में पदभार ग्रहण करेंगे।
गौरतलब है कि निवर्तमान कमांडेंट पी. शंकर कुट्टी को किसी दूसरे रेल मंडल में नहीं भेजा गया, बल्कि सीधे सीएलडब्ल्यू में पदस्थापित किया गया है। सीएलडब्ल्यू भारतीय रेलवे की प्रमुख उत्पादन इकाई है, जहां रेल इंजनों का निर्माण किया जाता है।
इधर, चक्रधरपुर जैसे महत्वपूर्ण और संवेदनशील रेल मंडल में वरीय आरपीएफ अधिकारी की जगह पद को डाउनग्रेड कर नियुक्ति किए जाने को लेकर रेल महकमे में चर्चा तेज हो गई है। यह मंडल माल ढुलाई, रेल संपत्ति सुरक्षा, तस्करी और यात्री सुरक्षा के लिहाज से काफी अहम माना जाता है। साथ ही नक्सल प्रभावित क्षेत्र होने के कारण यहां सुरक्षा चुनौतियां भी अधिक रहती हैं।
रेलवे यूनियन और सुरक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे बड़े मंडल में अनुभवी और वरिष्ठ अधिकारी की तैनाती जरूरी होती है। अब नए डीएससी ए. नवीन प्रसाथ के सामने अपराध नियंत्रण और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना बड़ी चुनौती होगी।









