देवघर जिले के मधुपुर थाना क्षेत्र में हुए अमन अंसारी हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में मुख्य आरोपी 19 वर्षीय मोहम्मद फैजान को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस जांच में सामने आया कि हत्या के पीछे पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद था।
शनिवार को एसडीपीओ सत्येंद्र प्रसाद ने बताया कि मधुपुर थाना क्षेत्र के आमतला भेरवा स्थित सिंघानिया राइस मिल के पास खेत की झाड़ियों से बुधवार को एक युवक का शव बरामद हुआ था। शव के माथे पर भोथरे हथियार से हमला किए जाने के निशान थे और चेहरा खून से सना हुआ था।
शुरुआत में शव की पहचान नहीं हो पाई थी। बाद में मृतक की पहचान बेलपाड़ा निवासी मोहम्मद अलाउद्दीन अंसारी के पुत्र अमन अंसारी के रूप में हुई। इसके बाद मृतक के पिता के आवेदन पर मधुपुर थाना में कांड संख्या 96/2026 दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष जांच टीम गठित की गई। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य, गुप्त सूचना और मोबाइल लोकेशन के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। इसी दौरान नबी बक्स रोड कब्रिस्तान के पीछे रहने वाले मोहम्मद फैजान को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल, वीवो कंपनी का मोबाइल फोन और वारदात के समय पहने गए कपड़े बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, हत्या में एक अन्य युवक भी शामिल था, जो फिलहाल फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
छापेमारी दल में थाना प्रभारी संतोष कुमार गुप्ता, एसआई धर्मवीर भगत, सब इंस्पेक्टर अशोक कुमार और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस ने दावा किया है कि फरार आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।











