दूसरी बच्ची पर भी हमला, गांव में दहशत और मातम,
पाकुड़,
पाकुड़ जिले के लखीनारायण गांव में शुक्रवार की आधी रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक सियार ने तीन महीने की मासूम बच्ची को अपना शिकार बना लिया। घटना के बाद पूरे गांव में मातम और दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, रात के समय परिवार के लोग घर में सोए हुए थे। इसी दौरान सियार घर में घुस आया और सो रही तीन महीने की बच्ची को उठाकर ले गया। काफी खोजबीन के बाद शनिवार सुबह बच्ची का क्षत-विक्षत शव गांव के समीप खेत से बरामद किया गया। मासूम की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना के दौरान सियार ने एक अन्य बच्ची पर भी हमला कर उसे घायल कर दिया। घायल बच्ची का इलाज स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में कराया जा रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से इलाके में सियारों का आतंक बढ़ गया है, जिससे लोग भयभीत हैं।
घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय प्रशासन एवं वन विभाग की टीम गांव पहुंची और मामले की जानकारी ली। ग्रामीणों ने वन विभाग से इलाके में सियारों को पकड़ने तथा सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
इस दर्दनाक घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को मुआवजा देने एवं वन्यजीवों के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है।










