झारखंड ओलंपिक संघ के महासचिव डॉ मधुकांत पाठक ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से शिष्टाचार मुलाकात कर राज्य में खेलों के समग्र विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की।
बैठक के दौरान वर्ष 2036 ओलंपिक खेलों में झारखंड के खिलाड़ियों की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने की रणनीति पर विशेष रूप से विचार-विमर्श किया गया। इसके साथ ही राज्य के उत्कृष्ट खिलाड़ियों की सीधी नियुक्ति, जिला एवं राज्य स्तर पर खेल आधारभूत संरचनाओं के विकास, खेल प्रतिभाओं की उचित पहचान एवं उन्हें प्रारंभिक स्तर से ही वैज्ञानिक एवं खेल-विशिष्ट प्रशिक्षण उपलब्ध कराने जैसे मुद्दों पर सकारात्मक चर्चा हुई।
डॉ. मधुकांत पाठक ने राज्य में गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षकों की उपलब्धता, खिलाड़ियों के लिए आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाओं के विकास तथा खेल गतिविधियों का प्रभावी संचालन में झारखंड ओलंपिक संघ की सक्रिय भूमिका को भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा।
इसके अतिरिक्त “गुरुजी स्पोर्ट्स एंड रिक्रिएशन क्लब” की स्थापना को लेकर भी विस्तारपूर्वक चर्चा की गई, जिसका उद्देश्य राज्य में खेल संस्कृति को बढ़ावा देना तथा युवाओं को खेल एवं स्वास्थ्य गतिविधियों से जोड़ना है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य में खेलों के विकास एवं खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में सकारात्मक पहल करने का आश्वासन दिया।








