गढ़वा सदर अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था सख्त, पुराने होमगार्ड हटे; 9 नए जवानों ने संभाली जिम्मेदारी

गढ़वा सदर अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था सख्त, पुराने होमगार्ड हटे; 9 नए जवानों ने संभाली जिम्मेदारी

Johar News Times
3 Min Read

गढ़वा, गढ़वा सदर अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन अब पूरी तरह सख्त नजर आ रहा है। उपायुक्त अनन्य मित्तल के निर्देश पर सदर एसडीएम संजय कुमार ने शुक्रवार को अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में बड़ा बदलाव करते हुए पुराने होमगार्ड जवानों को हटाकर उनकी जगह 9 नए गृह रक्षकों की तैनाती कर दी गई।

शिकायतों के बाद प्रशासन ने लिया बड़ा फैसला

- Advertisement -
Ad image

पिछले कुछ समय से अस्पताल में तैनात गृह रक्षकों के खिलाफ लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने पहले ही सभी पुराने सुरक्षाकर्मियों को बदलने का निर्णय लिया था। इसी के तहत शुक्रवार से नए जवानों ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था संभाल ली।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम संजय कुमार ने नए सुरक्षाकर्मियों की ब्रीफिंग करते हुए उन्हें सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाले मरीजों और उनके परिजनों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

पुलिस कंट्रोल रूम और थाना से रहेगा सीधा संपर्क

अस्पताल परिसर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने अस्पताल प्रबंधन को कई विशेष निर्देश दिए हैं। अब अस्पताल प्रबंधन का सीधा संपर्क पुलिस कंट्रोल रूम और स्थानीय शहर थाना से रहेगा। साथ ही सुरक्षाकर्मियों का स्पष्ट रोस्टर तैयार करने का निर्देश दिया गया है, ताकि हर शिफ्ट में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था बनी रहे।

- Advertisement -
Ad image

अस्पताल प्रबंधक को यह भी निर्देश दिया गया है कि समय-समय पर सुरक्षाकर्मियों की बैठक लेकर उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएं।

स्वास्थ्य सेवाओं का भी लिया गया जायजा

निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने विभिन्न वार्डों का दौरा कर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का भी जायजा लिया। उन्होंने कहा कि उपायुक्त के नेतृत्व में जिला प्रशासन स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और विधि-व्यवस्था जैसे मुद्दों पर ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत काम कर रहा है।

- Advertisement -
Ad image

उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाले लोगों को सुरक्षित और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

कई अधिकारी रहे मौजूद

इस मौके पर अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. माहेरू यामानी, अस्पताल प्रबंधक विकास केसरी, थाना प्रभारी सुनील तिवारी, उप निरीक्षक अविनाश कुमार तथा होमगार्ड इंस्पेक्टर दिलीप कुमार सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

Share This Article