झारखंड क्षत्रिय संघ द्वारा आगामी 9 मई को वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की 487वीं जन्म जयंती धूमधाम से मनाई जाएगी। इसे लेकर गुरुवार को साकची स्थित होटल दयाल इंटरनेशनल में एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। संघ के पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से बताया कि इस वर्ष जयंती को भव्य और सेवा कार्यों के साथ मनाने की पूरी तैयारी कर ली गई है।
शंखनाद और माल्यार्पण से होगा उत्सव का आगाज कार्यक्रम संयोजक श्री अमित सिंह और महामंत्री कुमार प्रभाकर सिंह ने बताया कि 9 मई को मरीन ड्राइव स्थित महाराणा प्रताप चौक पर उत्सव की शुरुआत पांच पुरोहितों द्वारा शंखनाद के साथ होगी। इसके बाद झारखंड क्षत्रिय संघ, युवा संघ और महिला संघ की 27 इकाइयों के सदस्य भगवा ध्वज लेकर जयघोष के साथ प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे।

प्रख्यात इतिहासकार डालेंगे महाराणा के जीवन पर प्रकाश जयंती के अवसर पर सुबह 10 बजे से एक विशेष संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। इसमें शहर के प्रमुख शिक्षाविद और इतिहासकार शामिल होकर महाराणा प्रताप के जीवन संघर्ष और राष्ट्र रक्षा के प्रति उनके समर्पण पर चर्चा करेंगे। इसका उद्देश्य नई पीढ़ी को धर्म और राष्ट्र रक्षा की प्रेरणा देना है।
सेवा स्टॉल और जन-निमंत्रण भीषण गर्मी को देखते हुए युवा संघ द्वारा शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर मीठे पेय जल (शरबत) के शिविर लगाए जाएंगे। साथ ही जरूरतमंदों के बीच राहत सामग्री का वितरण भी किया जाएगा। संघ ने शहर के तमाम जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और प्रत्येक जाति-समूह के लोगों को इस गौरवमयी उत्सव में शामिल होने का निमंत्रण दिया है।
प्रेस वार्ता में मुख्य रूप से केंद्रीय सचिव अमित सिंह, महामंत्री कुमार प्रभाकर सिंह, वरीय उपाध्यक्ष राजीव सिंह (बबलू), जयंत विक्रम सिंह, रवि सिंह, सुखदेव सिंह, हेमंत सिंह और अभिषेक सिंह उपस्थित थे।









