बोकारो में आयोजित JET 2026 परीक्षा के दौरान गंभीर लापरवाही सामने आने से अभ्यर्थियों में भारी आक्रोश फैल गया। सेक्टर-9 स्थित पटेल स्कूल परीक्षा केंद्र पर एक सेट के 32 प्रश्नपत्र नहीं पहुंचने के कारण परीक्षा व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई और मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। जैसे ही छात्रों को प्रश्नपत्रों की कमी की जानकारी मिली, सैकड़ों अभ्यर्थियों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। स्थिति बिगड़ने पर केंद्र पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक समेत कई वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। इस दौरान मीडिया कवरेज पर रोक लगाने की भी खबर सामने आई, जिससे पारदर्शिता पर सवाल उठे। घटना के बाद झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) ने दो विषयों की परीक्षा रद्द कर दी है। आयोग ने प्रश्नपत्रों की कमी और अपठनीय होने की शिकायतों को आधार बनाया है।

नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर रविवार तड़के एक बड़ा विमान हादसा टल गया। ज्यूरिख जा रही Swiss International Air Lines की फ्लाइट LX147 (एयरबस A330) के टेकऑफ के दौरान अचानक इंजन में आग लग गई। घटना रात करीब 1:08 बजे हुई, जब विमान रनवे पर दौड़ रहा था। पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत टेकऑफ रोक दिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। विमान में सवार 228 यात्री और 4 शिशुओं को इमरजेंसी स्लाइड के जरिए सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस दौरान अफरा-तफरी का माहौल बन गया और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। घटना में 6 यात्रियों के घायल होने की सूचना है। एयरपोर्ट पर दमकल और सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत पहुंचकर आग पर काबू पाया। एयरलाइन ने जांच के आदेश दिए हैं और शुरुआती तौर पर तकनीकी खराबी को कारण माना जा रहा है।

वैश्विक तनाव के बीच भारतीय शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव तेज हो गया है और विदेशी निवेशकों का रुख कमजोर नजर आ रहा है। विदेशी संस्थागत निवेशक (FII) लगातार भारतीय बाजार से पैसा निकाल रहे हैं। साल 2026 में अब तक करीब 1.75 लाख करोड़ रुपये की बिकवाली हो चुकी है, जिससे बाजार पर दबाव बढ़ गया है। हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिनों में भी बिकवाली जारी रही। पांच सत्रों में विदेशी निवेशकों ने 17,140 करोड़ रुपये के शेयर बेचे, जबकि अप्रैल में कुल निकासी 43,967 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। विशेषज्ञों के अनुसार, यह लगातार दसवां महीना है जब विदेशी निवेशक भारतीय इक्विटी बाजार में बिकवाली कर रहे हैं। इसकी मुख्य वजह वैश्विक भू-राजनीतिक तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव को माना जा रहा है। जानकारों का कहना है कि आने वाले समय में बाजार की दिशा अंतरराष्ट्रीय हालात, खासकर अमेरिका-ईरान संबंधों पर निर्भर करेगी।

झारखंड में उच्च शिक्षा को मजबूत करने की दिशा में राज्य सरकार बड़ा कदम उठाने जा रही है। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग द्वारा अनुशंसित 329 सहायक आचार्यों को मई के पहले सप्ताह में नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। इन नियुक्तियों का वितरण राज्य स्तर पर आयोजित विशेष समारोह में होगा, जिसमें हेमंत सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम की तिथि मुख्यमंत्री की स्वीकृति के बाद घोषित की जाएगी। विभागीय जानकारी के अनुसार, इस चरण में दिसंबर 2025 में अनुशंसित 329 अभ्यर्थियों को ही नियुक्ति पत्र मिलेंगे। सभी अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग और दस्तावेज सत्यापन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। इसके अलावा आयोग ने करीब 1000 अन्य अभ्यर्थियों की अनुशंसा भी भेजी है। इनके दस्तावेज संबंधित जिलों को भेजे जा रहे हैं, जहां काउंसिलिंग प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से पूरी की जाएगी। इससे राज्य के विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में शिक्षकों की कमी दूर होने की उम्मीद है।

अमेरिका की राजधानी वाशिंगटन डीसी में आयोजित व्हाइट हाउस संवाददाताओं का रात्रिभोज के दौरान शनिवार रात अचानक गोली चलने जैसी आवाजों से हड़कंप मच गया। कार्यक्रम में देश-विदेश के पत्रकार, राजनेता और कई प्रमुख हस्तियां मौजूद थीं। घटना के समय अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी अपनी पत्नी के साथ समारोह में शामिल थे। आवाज सुनते ही सभागार में अफरा-तफरी मच गई और यूनाइटेड स्टेट्स सीक्रेट सर्विस के एजेंट तुरंत सक्रिय होकर राष्ट्रपति को सुरक्षित स्थान पर ले गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लोग घबराकर आपातकालीन द्वार की ओर भागे। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, एक हथियारबंद व्यक्ति ने प्रवेश द्वार पर सुरक्षा जांच को पार करने की कोशिश की, लेकिन सुरक्षाकर्मियों ने उसे पकड़ लिया। फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन ने एक संदिग्ध को हिरासत में लेने की पुष्टि की है।

पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के मतदान से पहले सियासी माहौल गरमा गया है। हावड़ा में रविवार को भाजपा के रोड शो के दौरान उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब तृणमूल कांग्रेस के कुछ समर्थक कार्यक्रम में घुस गए और भाजपा कार्यकर्ताओं से उनकी बहस हो गई। यह रोड शो रवि किशन ने भाजपा उम्मीदवार उमेश राय के समर्थन में निकाला था। स्थिति बिगड़ती देख रवि किशन ने खुद कार्यकर्ताओं से शांति बनाए रखने की अपील की, जिसके बाद माहौल नियंत्रित हो गया। इधर, कोलकाता में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। दूसरे चरण की वोटिंग से पहले बालीगंज इलाके में सुरक्षाबलों ने फ्लैग मार्च किया, ताकि शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित हो सके। वहीं, नरेंद्र मोदी आज बनगांव और आरामबाग में जनसभाएं करेंगे और शाम को कोलकाता में रोड शो करेंगे। दौरे के दौरान वे मतुआ समुदाय के प्रमुख स्थलों पर भी जाएंगे।

पंजाब की राजनीति में उस समय बड़ा भूचाल आ गया, जब आम आदमी पार्टी के सात राज्यसभा सांसद भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। इस घटनाक्रम के बाद कार्यकर्ताओं का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा और कई जगहों पर विरोध-प्रदर्शन शुरू हो गए। जालंधर में नाराज कार्यकर्ताओं ने पूर्व क्रिकेटर और सांसद हरभजन सिंह के घर के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान दीवार और नेमप्लेट पर काली स्प्रे से ‘गद्दार’ लिख दिया गया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि नेताओं ने पार्टी और जनादेश के साथ विश्वासघात किया है। इसी क्रम में प्रदर्शनकारी Lovely Professional University भी पहुंचे, जहां सांसद अशोक मित्तल के खिलाफ नारेबाजी और पुतला दहन किया गया। घटनाओं के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया, पुलिस ने हस्तक्षेप किया और प्रशासन ने सांसदों के घरों की सुरक्षा बढ़ा दी है।

झारखंड के गढ़वा जिले में वेतन भुगतान को लेकर प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। बोकारो और हजारीबाग पुलिस विभाग में वेतन मद से करोड़ों की अवैध निकासी के बाद नए नियम लागू किए गए हैं। उपायुक्त अनन्य मित्तल के निर्देश पर डीडीसी पशुपतिनाथ मिश्रा ने स्पष्ट किया कि अब बिना ‘क्रेज-वेरिफिकेशन’ के किसी भी कर्मचारी का वेतन जारी नहीं होगा।नए प्रावधानों के तहत वेतन से पहले कर्मियों के नाम, पद, जन्मतिथि और नियुक्ति तिथि का मिलान सर्विस बुक से अनिवार्य किया गया है। साथ ही बैंक खाते का सत्यापन पासबुक या रद्द चेक से होगा। सभी कर्मचारियों की डिजिटल प्रोफाइल अपडेट कर ‘फ्रीज’ की जाएगी और केवाईसी में पैन, मोबाइल व ईमेल अपडेट रखना जरूरी होगा। सुरक्षा के लिए ओटीपी साझा न करने की हिदायत दी गई है। वहीं, तीन साल से एक ही पद पर कार्यरत बिलिंग क्लर्कों के स्थानांतरण के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि वित्तीय अनुशासन बना रहे।

झारखंड के पलामू जिले में जमीन कारोबारी की अपहरण के बाद हत्या से सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान 32 वर्षीय विनीत तिवारी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम उन्हें घर के पास से जबरन कार में बैठाकर अगवा कर लिया गया। परिजनों ने संपर्क किया तो मोबाइल बंद मिला, जिसके बाद सीसीटीवी फुटेज में अपहरण की घटना सामने आई और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने रातभर छापेमारी कर तलाश की, लेकिन रविवार सुबह जोरकट इलाके में उनका नग्न शव बरामद हुआ। शव की स्थिति से अंदेशा है कि उन्हें बेरहमी से पीटकर हत्या की गई और बाद में शव को फेंक दिया गया। घटनास्थल पर डॉग स्क्वायड की मदद से साक्ष्य जुटाए गए। मृतक के पिता ने पड़ोसी प्रदीप तिवारी पर जमीन विवाद में हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

झारखंड में भीषण गर्मी के बीच अब मौसम बदलने के संकेत मिल रहे हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 26 से 28 अप्रैल के बीच राज्य के कई हिस्सों में बारिश, ओलावृष्टि और वज्रपात की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है। शनिवार को कई जिलों में तापमान काफी ऊंचा दर्ज किया गया। पलामू में पारा 44.6°C तक पहुंच गया, जो सबसे अधिक रहा। वहीं रांची में 40.8°C, जमशेदपुर में 40.3°C, बोकारो में 41.2°C, सरायकेला-खरसावां में 42.6°C और कोडरमा में 41.6°C तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने 26 अप्रैल से 1 मई तक येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। खासकर 27-28 अप्रैल को तेज आंधी, बारिश और वज्रपात की संभावना अधिक है, जबकि 29 अप्रैल से 1 मई तक भी मौसम अस्थिर बना रह सकता है।
आप देख रहे थे जोहार न्यूज़ times..झारखंड, देश और दुनिया की ऐसी ही सभी बड़ी खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें और हमारे चैनल को लाइक और सब्सक्राइब करना न भूलें।

जोहार न्यूज़ टाइम्स के साथ जुड़ें और पाएं हर पल की ताज़ा, सटीक और भरोसेमंद खबरें।
लेटेस्ट अपडेट्स सबसे पहले पाने के लिए हमारे प्लेटफॉर्म को अभी लाइक, सब्सक्राइब और विजिट करें। joharnewstimes.com











