11 April 2026 | कोल्हान की आवाज | Johar News Times

Johar News Times
13 Min Read

1.झारखंड में बांग्ला एकेडमी गठन की मांग तेज

झारखंड में बांग्ला भाषी समुदाय ने भाषा और संस्कृति के संरक्षण को लेकर एक बार फिर अपनी आवाज बुलंद की है। झारखंड बांग्ला भाषी उन्नयन समिति के बैनर तले विभिन्न बहरागोड़ा, चाकुलिया, घाटशिला, मुसाबनी एवं धालभूमगढ़ में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नाम बीडीओ के माध्यम से ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें राज्य में बांग्ला एकेडमी के गठन की मांग की गई है ।

- Advertisement -
Ad image

समिति ने कहा कि झारखंड के 24 जिलों में से 16 जिले बांग्ला भाषी बहुल हैं। इसके बावजूद राज्य गठन के 25 वर्षों बाद भी भाषा और संस्कृति के संरक्षण के लिए कोई ठोस पहल नहीं की गई है। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि वर्ष 1986 में अविभाजित बिहार में बांग्ला एकेडमी का गठन हुआ था, जो आज भी सक्रिय है।

समिति के अनुसार, राज्य में योग्य शिक्षकों और संसाधनों की कमी के कारण बांग्ला भाषी छात्रों को मातृभाषा में शिक्षा नहीं मिल पा रही है। इसके चलते कई छात्र पढ़ाई छोड़ने को मजबूर हो रहे हैं। समिति ने दावा किया कि राज्य की करीब 42% आबादी बांग्ला भाषी है।

2.घाटशिला के 369 आंदोलनकारियों को मिलेगा प्रशस्ति पत्र

झारखंड आंदोलनकारियों के सम्मान में सरकार की ओर से बड़ा कदम उठाया गया है। घाटशिला अनुमंडल के कुल 369 आंदोलनकारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा।

- Advertisement -
Ad image

यहां अधिकारियों द्वारा उन्हें जानकारी दी गई कि झारखंड सरकार के गृह विभाग से प्रशस्ति पत्र के लिए चयनित आंदोलनकारियों की सूची प्राप्त हो चुकी है।

प्राप्त सूची के अनुसार, घाटशिला अनुमंडल के विभिन्न प्रखंडों से कुल 369 आंदोलनकारियों के नाम शामिल हैं। इनमें घाटशिला प्रखंड के 21, धालभूमगढ़ के 70, डुमरिया के 18, मुसाबनी के 11, बहरागोड़ा के 30, गुड़ाबांदा के 13 और चाकुलिया प्रखंड के सर्वाधिक 206 आंदोलनकारी शामिल हैं।

अधिकारियों ने बताया कि चयनित आंदोलनकारियों को प्रशस्ति पत्र का वितरण एक सप्ताह के भीतर किया जाएगा।

- Advertisement -
Ad image

3. भूमिज समाज की बैठक में पेसा के तहत स्वशासन पर जोर

 रंकिणी मंदिर परिसर के धुमकुड़िया भवन में भूमिज समाज की पारंपरिक स्वशासन व्यवस्था को लेकर एक बैठक हुईं । बैठक में सिंहभूम, मानभूम, बराहभूम और धालभूम क्षेत्र से आए हातु सरदार, मुड़ा, नाया और डाकुआ शामिल हुए।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पोटका विधायक संजीव सरदार थे ।

इस दौरान पेसा कानून के तहत ग्रामसभा को प्राप्त अधिकारों की विस्तृत जानकारी दी गई और स्वशासन व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया गया।

बैठक में वक्ताओं ने कहा कि पेसा कानून के तहत ग्रामसभा गांव की सर्वोच्च इकाई है, जो विकास योजनाओं और निर्णय प्रक्रिया में स्थानीय सहभागिता सुनिश्चित करती है। बिना ग्रामसभा की अनुमति के भूमि अधिग्रहण या विकास कार्य संभव नहीं होगा।

वक्ताओं ने बताया कि पहले झारखंड सरकार की अधिसूचना में भूमिज समाज की पारंपरिक स्वशासन व्यवस्था शामिल नहीं थी, लेकिन विधायक संजीव सरदार के प्रयास से अब हातु सरदार, मुड़ा, नाया और डाकुआ की व्यवस्था को अधिसूचित कर मान्यता दी गई है। इससे इनकी भूमिका गांव के संचालन में और अधिक प्रभावी हो गई है।

4.बीडीएसएल महिला कॉलेज में 2 घंटे तक हाई वोल्टेज ड्रामा

घाटशिला स्थित बीडीएसएल महिला कॉलेज में उस समय हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब निष्कासित और निलंबित शिक्षकों के मुद्दे पर करीब दो घंटे तक जमकर हंगामा हुआ। अंततः सहमति बनी कि संबंधित शिक्षकों के मामले में अंतिम निर्णय शासी निकाय की अगली बैठक में लिया जाएगा।

जानकारी के अनुसार, कॉलेज शासी निकाय के सचिव कुमार सत्यम कॉलेज पहुंचे। उन्होंने पहले से मौजूद दो निष्कासित और तीन निलंबित महिला शिक्षकों को बातचीत के लिए कार्यालय में बुलाया। जब शिक्षक नहीं पहुंचे, तो वे स्वयं इंटर बिल्डिंग में पहुंचे, जहां शिक्षकों और कर्मचारियों के साथ उनका तीखा विवाद हो गया।

विवाद के बाद कर्मचारियों ने हंगामा शुरू कर दिया और सचिव पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाया। हालांकि कुमार सत्यम ने इन आरोपों से इनकार किया। सूचना मिलते ही घाटशिला थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए विभिन्न दलों के नेता भी कॉलेज पहुंचे। करीब दो घंटे तक चले हंगामे के बाद यह तय हुआ कि दो निष्कासित और तीन निलंबित शिक्षकों की स्थिति अगली शासी निकाय की बैठक तक यथावत रखी जाएगी।

5.डिमना लेक तक सफर होगा आसान

डिमना लेक तक पहुंच को बेहतर बनाने के लिए सड़क परियोजना पर काम तेज हो गया है। पथ निर्माण विभाग ने NH-33 से डिमना लेक तक जाने वाले मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण के लिए प्रारंभिक सर्वे को मंजूरी दे दी है। अधिकारियों को जल्द से जल्द सर्वे कर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।

परियोजना के तहत अलग-अलग मार्गों का सर्वे कर उन्हें चौड़ा और मजबूत बनाने की योजना है। इसमें आरवीएस स्कूल होते हुए डिमना लेक तक सड़क का सर्वे किया जाएगा। इसके अलावा एनएच-33 पावर सबस्टेशन से आईडीबीआई बैंक होते हुए डिमना रोड तक, मानगो चौक पेट्रोल पंप से वर्कर्स कॉलेज तक और मानगो पायल सिनेमा से रामकृष्णा कॉलोनी (ओल्ड टीओपी रोड) तक सड़क निर्माण और सुदृढ़ीकरण किया जाएगा।

इस पूरे सर्वे कार्य पर करीब 3.58 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। सर्वे रिपोर्ट के आधार पर आगे सड़क चौड़ीकरण, मजबूती और यातायात सुधार की विस्तृत योजना तैयार की जाएगी।

6.जमशेदपुर में ‘फिजिक्स अनप्लग्ड’ कार्यशाला

जमशेदपुर स्थित विवेकानंद इंटरनेशनल स्कूल की ओर से आयोजित तीन दिवसीय ‘फिजिक्स अनप्लग्ड’ कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें देश के प्रख्यात भौतिक विज्ञानी एच सी वर्मा ने शिक्षकों और विद्यार्थियों को सरल प्रयोगों के माध्यम से भौतिकी के जटिल सिद्धांतों को समझाया।

 स्कूल के प्रशासक सौम्य दीप ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य शिक्षकों और विद्यार्थियों को भौतिकी को अपने आसपास के वातावरण में महसूस करने के लिए प्रेरित करना है।

कार्यशाला के दौरान एच.सी. वर्मा ने कक्षा 10 के विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि भौतिकी को समझने का सबसे बेहतर तरीका प्रकृति का अवलोकन करना है। उन्होंने अपने सहयोगी डेबमल्य सेन के साथ मिलकर बोतल, कागज, धागा और पानी जैसी रोजमर्रा की वस्तुओं के जरिए भौतिकी के सिद्धांतों को सरल और रोचक ढंग से प्रस्तुत किया। प्रकाशिकी जैसे जटिल विषयों को भी सहज प्रयोगों के माध्यम से समझाया गया। कार्यशाला के दूसरे दिन विद्युत और चुंबकत्व जैसे विषयों पर विशेष ध्यान दिया गया।

7. बड़ाजामदा में चोरों का आतंक, दो मोबाइल दुकानों से 30 लाख की चोरी

पश्चिमी सिंहभूम जिले के बड़ाजामदा बाजार में चोरी की घटनाओं ने व्यापारियों की चिंता बढ़ा दी है। बीती रात अज्ञात चोरों ने बाजार की दो मोबाइल दुकानों का ताला तोड़कर करीब 30 लाख रुपये के मोबाइल फोन पर हाथ साफ कर दिया।

थाना प्रभारी बालेश्वर उरांव ने बताया कि पिछले एक महीने से क्षेत्र में छोटी-बड़ी दुकानों में चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। पुलिस ने एक दिन पहले ही एक नाबालिग को चोरी किए गए मोबाइल फोन के साथ पकड़ा था।

प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि इन घटनाओं में पड़ोसी राज्य ओडिशा से आने वाले कुछ बच्चे शामिल हो सकते हैं। बताया जा रहा है कि नशे की लत के कारण ये बच्चे चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।

8.निर्माणाधीन छात्रावास में बाल मजदूरी का खुलासा, 2.71 करोड़ की योजना पर उठे सवाल

पूर्वी सिंहभूम जिला के डुमरिया प्रखंड स्थित प्रोजेक्ट गर्ल्स हाईस्कूल परिसर में बन रहे छात्रावास निर्माण कार्य में गंभीर अनियमितता सामने आई है। शिक्षा विभाग की ओर से करीब 2.71 करोड़ रुपये की लागत से आदिम जनजाति के विद्यार्थियों के लिए बनाए जा रहे इस तीन मंजिला छात्रावास में बाल मजदूरी का मामला उजागर हुआ है।

निर्माण स्थल पर 18 वर्ष से कम उम्र के नाबालिग मजदूरों से काम कराए जाने की बात सामने आई है। हैरानी की बात यह है कि ये मजदूर बिना किसी सुरक्षा उपकरण के ऊंचाई पर काम करते देखे गए। मौके पर मौजूद दो नाबालिगों ने खुद बताया कि उनकी उम्र 17 वर्ष है और उन्हें प्रतिदिन 300 रुपये मजदूरी दी जा रही है। इस पूरे मामले में निर्माण कार्य कर रही एजेंसी की लापरवाही साफ नजर आ रही है।

मामले की जानकारी मिलने के बाद लेबर इंस्पेक्टर दिनेश कुमार राणा जांच के लिए स्थल पर पहुंचे। हालांकि, उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान उन्हें कोई भी नाबालिग मजदूर नहीं मिला।

9.चाईबासा में महिला की बेरहमी से हत्या, गांव में दहशत का माहौल

 पश्चिमी सिंहभूम जिले के जेटेया थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़ा पासेया गांव में एक महिला की निर्मम हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। अज्ञात हमलावर ने 50 वर्षीय तुरी गागराई के सिर और पेट पर लाठी से वार करने के बाद पत्थर से कुचलकर उसकी हत्या कर दी।

घटना उस समय हुई जब गांव में बाहा पर्व मनाया जा रहा था और अधिकांश लोग अपने घरों में थे। बताया जा रहा है कि तुरी गागराई घर से कुछ दूरी पर थी, तभी अज्ञात व्यक्ति ने उस पर हमला कर दिया। महिला के चीखने-चिल्लाने पर आरोपी मौके से फरार हो गया, लेकिन घटनास्थल पर उसका शर्ट, पैंट और चप्पल बरामद हुआ है।

मृतका के साथ मौजूद उसके छोटे भाई की 7 वर्षीय पुत्री ने घर पहुंचकर घटना की जानकारी दी, जिसके बाद गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

10. चांडिल में हाथियों का आतंक, बुजुर्ग की कुचलकर मौत; वन विभाग पर लापरवाही के आरोप

सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल वन क्षेत्र में जंगली हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार सुबह कुकडू प्रखंड के तिरुलडीह पंचायत स्थित सापारुम गांव में हाथियों के हमले में एक 60 वर्षीय बुजुर्ग की  मौत हो गई। मृतक की पहचान तांती टोला निवासी राधा तांती के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, वह सुबह शौच के लिए जंगल की ओर गया था, तभी उसका सामना हाथियों के झुंड से हो गया। बताया जा रहा है कि करीब छह हाथियों ने उस पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि पिछले एक महीने से हाथियों का झुंड इलाके में डेरा डाले हुए है, लेकिन इसके बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

जोहार न्यूज़ टाइम्स के साथ जुड़ें और पाएं हर पल की ताज़ा, सटीक और भरोसेमंद खबरें।
लेटेस्ट अपडेट्स सबसे पहले पाने के लिए हमारे प्लेटफॉर्म को अभी लाइक, सब्सक्राइब और विजिट करें।

Share This Article