रांची: झारखंड में दक्षिण-पश्चिम मानसून की दस्तक से पहले मौसम ने करवट ले ली है। मौसम विभाग (IMD) ने शुक्रवार को राज्य के कई जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं और भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। दुमका, जामताड़ा, देवघर, धनबाद, गिरिडीह, बोकारो, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां समेत 10 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार इन क्षेत्रों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है, जबकि कुछ जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज आंधी चलने की भी संभावना है। धनबाद, बोकारो, कोडरमा, हजारीबाग, रांची, खूंटी और रामगढ़ में तेज हवाओं और वज्रपात को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की है। किसानों को भी गरज-चमक और वज्रपात की आशंका को देखते हुए खेतों में काम करने से बचने की सलाह दी गई है।

राजधानी रांची में दिनभर बादल छाए रहने और रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है। वहीं जमशेदपुर में भी हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। बारिश और बादलों की सक्रियता के कारण तापमान में गिरावट दर्ज होने की उम्मीद है, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिल सकती है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 15 से 17 जून के बीच दक्षिण-पश्चिम मानसून झारखंड में प्रवेश कर सकता है। इसके पहले 12 से 14 जून तक राज्य के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। विशेषज्ञों का मानना है कि मौजूदा मौसमीय गतिविधियां मानसून के आगमन के लिए अनुकूल संकेत दे रही हैं।
