रांची, केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना VB-G RAM G (विकसित भारत- गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन) के तहत प्रस्तावित कार्यों की अंतरिम सूची जारी कर दी गई है। इस सूची में कुल 318 प्रकार के कार्य शामिल किए गए हैं, जिन पर ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन के साथ-साथ आधारभूत ढांचे के विकास पर काम किया जाएगा।
ग्रामीण विकास विभाग, झारखंड ने इस संबंध में सभी जिलों, उप विकास आयुक्तों और कार्यक्रम पदाधिकारियों (PO) को पत्र भेजकर सूची पर सुझाव और राय मांगी है। विभाग ने कहा है कि जिलों की स्थानीय जरूरतों के अनुसार यदि अन्य कार्यों को शामिल करने की आवश्यकता हो, तो उसके प्रस्ताव भी भेजे जा सकते हैं। अधिकारियों के अनुसार यह अभी अंतरिम सूची है और राज्यों से प्राप्त सुझावों के आधार पर इसमें आगे संशोधन संभव है। माना जा रहा है कि अंतिम सूची में ग्रामीण विकास, जल संरक्षण, कृषि उत्पादकता और प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन से जुड़े कई नए कार्य जोड़े जा सकते हैं। योजना को 1 जुलाई 2026 से लागू करने की तैयारी है, जो वर्तमान में मनरेगा की जगह लेगी।
जल संरक्षण पर रहेगा मुख्य फोकस
जारी सूची में सबसे अधिक प्राथमिकता जल संरक्षण और सिंचाई से जुड़े कार्यों को दी गई है। इसमें नहर निर्माण, बाढ़ नियंत्रण चैनल, डायवर्जन चैनल, चेक डैम, गली प्लग और अंडरग्राउंड डाइक जैसे कार्य शामिल हैं। इसके अलावा बोल्डर चेकडैम, अर्थेन चेकडैम, गैबियन और मेसनरी चेकडैम के निर्माण एवं मरम्मत कार्य भी सूची में शामिल किए गए हैं। साथ ही तालाब निर्माण, परकोलेशन टैंक, रिचार्ज पिट, रिचार्ज शाफ्ट, इंजेक्शन वेल और वर्षा जल संचयन संरचनाओं के विकास को भी प्राथमिकता दी गई है।
ग्रामीण विकास और कृषि को बढ़ावा
योजना में फार्म पॉन्ड निर्माण, खेत सिंचाई विस्तार, जल निकासी सुधार और अन्य कृषि संबंधी कार्यों को भी शामिल किया गया है। छोटे लेकिन प्रभावी जल संरक्षण कार्य जैसे ब्रशवुड गली प्लग, मिट्टी गली प्लग और स्टोन बोल्डर गली प्लग निर्माण को भी अहम जगह दी गई है। विभाग का कहना है कि इस योजना का उद्देश्य केवल रोजगार उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्थायी परिसंपत्तियों का निर्माण, भूजल स्तर में सुधार और प्राकृतिक संसाधनों का टिकाऊ प्रबंधन सुनिश्चित करना भी है। ग्रामीण विकास विभाग ने जिलों से जल्द से जल्द सुझाव भेजने को कहा है ताकि अंतिम सूची को स्थानीय जरूरतों के अनुसार और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
