जमशेदपुर के मानगो में बच्चों को ले जाने के संदेह पर दो महिलाएं हिरासत में, जांच में जुटी पुलिस

जमशेदपुर के मानगो में बच्चों को ले जाने के संदेह पर दो महिलाएं हिरासत में, जांच में जुटी पुलिस

Johar News Times
2 Min Read

जमशेदपुर: मानगो थाना क्षेत्र के कुंवर बस्ती में रविवार तड़के उस समय हड़कंप मच गया, जब दो महिलाओं पर बच्चों को अपने साथ ले जाने की कोशिश करने का आरोप लगा। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने दोनों महिलाओं को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

जानकारी के अनुसार, कुंवर बस्ती निवासी बालेश्वर बेरा की सुबह करीब पांच बजे नींद खुली तो उन्होंने अपने घर में दो अपरिचित महिलाओं को देखा। आरोप है कि महिलाएं घर के दो बच्चों को लेकर बाहर जाने का प्रयास कर रही थीं। संदेह होने पर उन्होंने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए। घटना की सूचना फैलते ही क्षेत्र में लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी मामले की जानकारी दी गई, जिसके बाद मानगो थाना पुलिस को बुलाया गया। लोगों ने दोनों महिलाओं को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों महिलाओं को पूछताछ के लिए थाना ले गई। पुलिस उनकी पहचान, घटनास्थल तक पहुंचने के कारण और बच्चों को ले जाने के आरोपों की सत्यता की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि कहीं उनका किसी संगठित गिरोह से कोई संबंध तो नहीं है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। फिलहाल दोनों महिलाओं से पूछताछ जारी है और जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Share This Article